सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर में सैकड़ों हितग्राही हुए लाभान्वित, अन्नप्राशन-गोदभराई से लेकर वन अधिकार प्रमाण पत्र और विभिन्न सामग्री का वितरण
छुरा (गंगा प्रकाश)। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकार आपके द्वार की अवधारणा को साकार करते हुए रविवार को छुरा विकासखंड के ग्राम दुल्ला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। वहीं मौके पर ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ एवं सामग्री वितरित की गई।
शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। शिविर के दौरान अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम के साथ वन अधिकार प्रमाण पत्र सहित विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री का वितरण किया गया।

विधायक ने की चार बड़े विकास कार्यों की घोषणा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर के कारण ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
👉 जरूर पढ़ें: मुरम की परत के पीछे कौन सा खेल? छुरा में कथित अवैध खनन पर सवाल, कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मी को फंसाने की कोशिश का आरोप
विधायक श्री साहू ने ग्राम पंचायत दुल्ला के सरपंच के अनुरोध पर आंगनबाड़ी भवन निर्माण, उचित मूल्य दुकान भवन, स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा गायत्री परिवार दुल्ला के लिए सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने भुनेश्वरी कंवर को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए भी आश्वस्त किया।
जल जीवन मिशन में बेहतर कार्य पर सरपंच को अभिनंदन पत्र
कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के तहत जल अर्पण कार्यक्रम में ग्राम कोसमबुड़ा के सरपंच को अभिनंदन पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रही सुविधाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई।
बच्चों की पढ़ाई के साथ खेलों पर भी जोर
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव और समाज के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा और विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में रुचि लेने और प्रतिदिन स्कूल में हुई पढ़ाई के संबंध में बच्चों से चर्चा करने की अपील की।
👉 जरूर पढ़ें: 5 दिन से लापता कमार बुजुर्ग का जंगल में मिला शव… लेकिन अंतिम सफर में भी नहीं मिली व्यवस्था!
उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं अन्य सहगामी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान स्कूली विद्यार्थियों को फुटबॉल का वितरण भी किया गया। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय बच्चों और युवाओं के लिए आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध कराने वाला है। मेहनत, आत्मविश्वास और समय के सदुपयोग से विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता हासिल कर सकते हैं तथा अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन कर सकते हैं।

जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
छत्तीसगढ़ राज्य भंडार निगम के अध्यक्ष चंद्रूलाल साहू ने कहा कि सरकार गरीब, जरूरतमंद और वंचित परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से इन योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी आसान हो रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चन्द्राकर, जनपद अध्यक्ष छुरा मीरा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, वरिष्ठ नागरिक अनिल चन्द्राकर, राजेश साहू, डॉ. आशीष शर्मा, लेखराज ध्रुव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





