गरियाबंद में गुजराती समाज के रास गरबा उत्सव की धूम, टीन शेड निर्माण का मिला भरोसा; शहर के मध्य समाज के लिए स्थान तलाशने का भी आश्वासन
गरियाबंद(गंगा प्रकाश)। नवरात्रि के पावन अवसर पर गरियाबंद में 68 वर्षों से चली आ रही गुजराती समाज की पारंपरिक रास गरबा परंपरा का भव्य आयोजन किया गया। निषाद समाज भवन मजरकट्टा में आयोजित इस उत्सव में राजिम विधायक रोहित साहू शामिल हुए और समाजजनों के साथ गरबा नृत्य कर उत्सव की खुशियां साझा कीं। हालांकि, इस आयोजन की चर्चा केवल सांस्कृतिक रंगों तक सीमित नहीं रही, बल्कि समाज की मूलभूत सुविधाओं को लेकर हुई घोषणा ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

गुजराती समाज गरियाबंद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पारंपरिक गरबा खेलकर आयोजन की रौनक बढ़ाई। ढोल की थाप और पारंपरिक संगीत के बीच उपस्थित लोगों ने ताल से ताल मिलाकर गरबा का आनंद लिया। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह, उमंग और भक्ति का माहौल नजर आया।
👉 जरूर पढ़ें : माता शीतला के दरबार में अमितेश शुक्ल ने टेका मत्था, फिर रामजानकी मंदिर पहुंचकर कर दिया बड़ा ऐलान !
कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने आयोजन स्थल पर टीन शेड निर्माण सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जरूरत सामने रखी। इस पर विधायक रोहित साहू ने टीन शेड निर्माण की घोषणा करते हुए समाज की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक की इस घोषणा से समाजजनों में खुशी का माहौल रहा। समाज को उम्मीद है कि बेहतर सुविधाएं मिलने से वर्षों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में सहूलियत होगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने गुजराती समाज की 68 वर्षों से चली आ रही सांस्कृतिक परंपरा की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव ने शहर के मध्य समाज के लिए उपयुक्त स्थान तलाशने और आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधियों ने समाज की मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग का भरोसा जताया।
नवरात्रि के इस विशेष आयोजन में युवतियां देवी के विभिन्न स्वरूपों में सजी नजर आईं, वहीं महिलाओं ने पारंपरिक गुजराती परिधानों में पूजा-अर्चना और आरती की। धार्मिक आस्था, पारंपरिक वेशभूषा और सामूहिक गरबा नृत्य ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए पुरानी परंपरा को जीवंत बनाए रखा।
👉 जरूर पढ़ें: छुरा में अकीदत के साथ मनाया गया ईद मिलाद-उन-नबी, निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा, कोषाध्यक्ष अजय रोहणा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, राधेश्याम सोनवानी तथा वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद सूरज सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहे। समाज की ओर से संजय वखरिया, नितिन बखरिया, अमित ठक्कर, प्रकाश सरवैया, हिमांशु संघाणी, दिनेश मायानी, मयूर वखरिया, निखिल बखरिया, वैभव ठक्कर, रेखा वखरिया, भावना ठक्कर, नैना सरवैया, कल्पना वखरिया, रीता वखरिया और नूतन संघाणी सहित अनेक सदस्यों ने आयोजन में सहभागिता निभाई।
गुजराती समाज के अध्यक्ष अमित बखरिया ने विधायक रोहित साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर और नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों ने समाज की मांगों को गंभीरता से सुना और सहयोग का भरोसा दिया। कार्यक्रम का संचालन दीपक सरवैया ने किया तथा आभार प्रदर्शन भारत वखरिया ने किया। 68 वर्षों की इस परंपरा ने एक बार फिर गरियाबंद में सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आपसी सहयोग का संदेश दिया।





