‘नया सवेरा’ अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई, 2,400 रुपये की अवैध शराब जब्त; आबकारी एक्ट के तहत आरोपी को न्यायालय में किया पेश
छुरा (गंगा प्रकाश)। ग्राम हरदी में अवैध महुआ शराब की बिक्री की सूचना मिलने के बाद छुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये बताई गई है। नशा मुक्ति अभियान ‘नया सवेरा’ के तहत की गई इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों पर पुलिस की नजर होने का संदेश दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना छुरा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और नशे के कारण होने वाले पारिवारिक विवादों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गरिमा दादर के मार्गदर्शन में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
👉 जरूर पढ़ें : मंडेली में कांग्रेस के प्रदर्शन से गरमाई सियासत! वोट चोरी के आरोपों पर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हरदी में अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही छुरा पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर जब्त की और संदेही को हिरासत में लिया।

मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान दयालाल सिन्हा, पिता गजानंद सिन्हा, उम्र 58 वर्ष, निवासी ग्राम हरदी, थाना छुरा, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
👉 जरूर पढ़ें : धान खरीदी से पहले ही खुलने लगा तस्करी का खेल! ओडिशा से आए 40 बोरी धान जब्त, अब छुरा क्षेत्र पर भी निगरानी की जरूरत
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अब देखना होगा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में कितना प्रभावी साबित होता है।




