जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन करेंगे सामूहिक योग
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिले में भी योग दिवस मनाया जायेगा। जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन गरियाबंद के इंडोर स्टेडियम में प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक किया जायेगा। जिले के प्रभारी मंत्री एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, स्कूली बच्चे, अधिकारी-कर्मचारीगण सहित आम नागरिक भी सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेंगे। कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज समय-सीमा की समीक्षा बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने योग दिवस आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपे गये दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के भी निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष ‘‘एक विश्व, एक स्वास्थ्य’’ थीम पर आधारित ‘‘हर घर आंगन योग’’ के संदेश के साथ योग दिवस मनाया जायेगा। जिला प्रशासन द्वारा सामूहिक योग प्रदर्शन में अधिक से अधिक भागीदारी का अनुरोध नागरिकों से किया गया है। इसके अलावा विकासखण्ड, नगरीय निकाय, पुलिस विभाग, वृद्धा आश्रम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, महिला स्वसहायता समूह तथा ग्राम पंचायत स्तर पर सामुहिक योग प्रदर्शन किया जायेगा।
There is no ads to display, Please add some


