गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। देशभर सहित जिले में भी आयुष्मान भवः अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य मेला एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर आकाश छिकारा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने अंगदान के लिए शपथ ली। सभी ने अपने मृत्यु के बाद दूसरों के लिए उपयोगी शरीर के अंगों एवं ऊतकों का दान करने की प्रतिज्ञा ली। जिससे दान किये हुए अंग जरूरतमंदों की नई जिंदगी की आश बन सके। इस दौरान सीएमएचओ डॉ के.सी. उरांव, सिविल सर्जन डॉ नाग, डीपीएम श्रीमती सोनल ध्रुव, सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सभी विकासखण्ड प्रबंधक तथा सभी स्वास्थ्य सुपरवाईजर मौजूद रहे।
शपथ लेते हुए सभी ने कहा कि हमारे देश में प्रतिरक्षण के लिए अंग और ऊतकों की कमी को देखते हुए मैं इस प्रतिज्ञा को लेता/लेती हूं कि मैं अपने परिवार, दोस्तों और साथ नागरिकों को अपनी मृत्यु के बाद अंगों की दान करने के लिए प्रोत्साहित करने के सभी प्रयास करूंगा/करूंगी। इस दौरान कलेक्टर द्वारा सभी को शपथ पश्चात अंगदान के लिए ऑनलाईन माध्यम से आधार कार्ड के सहयोग से भारत सरकार के पोर्टल पर व्यक्तिगत रूप से जानकारी दर्ज करने को कहा गया।
There is no ads to display, Please add some


