स्वच्छ ईंधन से धुआंमुक्त रसोई के साथ मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य
उत्तर बस्तर कांकेर(गंगा प्रकाश)। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना अंतर्गत जिला पंचायत में आयोजित शिविर में जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति समूह ‘कमार’ समुदाय के कई हितग्राहियों को केन्द्र शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। इन्हीं लाभान्वित हितग्राहियों में से नरहरपुर विकासखंड के गांव मावलीपारा निवासी श्रीमती गणेश्वरी मंडावी भी हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत नया एलपीजी कनेक्शन मिला है। इस योजना से नया गैस चूल्हा एवं सिलेंडर मिलने से उत्साहित श्रीमती गणेश्वरी ने बताया कि पहले चूल्हे जलाने के लिए जंगल से लकड़ियां लानी पड़ती थीं। जंगल में सूखे लकड़ी ढूंढने और घर तक लाने में समय के साथ-साथ श्रम भी अधिक लगता था। साथ ही लकड़ी के जलने से निकलने वाले धुएं से आंखों में जलन एवं खांसी के साथ अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती थी। बरसात के दिनों में नमीयुक्त लकड़ी को जलाने के लिए बहुत मशक्कत करनी पड़ती थी। श्रीमती गणेश्वरी ने बताया कि अब उन्हें गैस कनेक्शन मिलने से जंगल से लकड़ी लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और धुआं से भी छुटकारा मिलेगा। इसके अलावा धुएं से होने वाले परेशानियां भी अब नहीं होंगी और स्वच्छ वातावरण में खाना बनाने में आसानी होगी तथा समय की भी बचत होगी। श्रीमती गणेश्वरी ने उज्ज्वला योजना के तहत नया एलपीजी कनेक्शन मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया।
There is no ads to display, Please add some


