हरदीप छाबड़ा
अंबागढ़ चौकी(गंगा प्रकाश)- कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी एस जयवर्धन ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला मोहला में बच्चों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कलेक्टर श्री एस जयवर्धन ने कहा कि 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में एल्बेंडाजोल की कृमि नाशक दवा खिलाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों को साफ-सफाई की आदतों को अपनाना चाहिए। कृमि संक्रमण से सुरक्षा के लिए भोजन करने से पहले हाथ जरूर धोना चाहिए। कृमि की बीमारी से बच्चों में हिमोग्लोबिन की कमी होती है। जिससे थकान रहती है और अन्य बीमारियां भी होती है। उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों से कृमि संक्रमण की रोकथाम के लिए बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे जो कृमि नाशक दवा खाने से छूट जाएंगे उन्हें 14 सितम्बर 2022 को मॉपअप दिवस में कृमि नाशक दवा खिलाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर एसडीएम ललितादित्य नीलम, नोडल अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीपीएम एवं स्कूल के समस्त टीचर उपस्थित रहे। कृमि से छुटकारा, सेहतमंद भविष्य हमारा कार्यक्रम के अंतर्गत जिलेभर में बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवाई खिलाई गई।
There is no ads to display, Please add some


