दो कारों से 8 पैकेट बरामद, 7 आरोपी गिरफ्तार; 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक भी अभिरक्षा में
मिलन राय
कोण्डागांव (गंगा प्रकाश)। कोण्डागांव पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 55.470 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन के आरोप में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 27 लाख 74 हजार 500 रुपये है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त थार कार क्रमांक MP 09 BR 7895, मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक UP 93 CP 4471 तथा 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 59 लाख 34 हजार 500 रुपये बताई है।
महाराष्ट्र के दो गांजा तस्कर 15.44 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार
ओडिशा से रायपुर ले जाने की थी तैयारी
पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन पर निगरानी बढ़ाई गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा एवं एसडीओपी कोण्डागांव रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग और नाकाबंदी की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध कारों में गांजा छिपाकर दामनजोडी, ओडिशा से रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बायपास रोड, नया बस स्टैंड के पीछे चिखलपुटीपर तथा दुधगांव एनएच-30 मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की।
पर्यटन स्थलों पर गीतों के जरिए साइबर ठगी से बचाव का संदेश, डीएसपी गोपाल वैश्य ने किया जागरूक
संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी लेने पर दोनों कारों की डिक्की से 4-4 पैकेट में कुल 8 पैकेट गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 55.470 किलोग्राम पाई गई। पुलिस ने दोनों वाहनों और आरोपियों के पास से मिले 6 मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
शिवपुरी जिले के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आक्तर खान (22), लक्ष्मण खटीक (32), भावेश केंवट (20), देव सेन (19), अरूण सैन (20), संजय पाल (19) और वीकेश यादव (20) के रूप में हुई है। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
इसके अलावा भौती क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। गिरफ्तार सात आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक राजकुमार कोमरा, सहायक उप निरीक्षक निहार रंजन मंडल, लखन यादव, प्रधान आरक्षक अशोक मरकाम, सनीत सोरी, आरक्षक बुधसन कुलदीप, पुनउ राम पटेल सहित साइबर सेल कोण्डागांव के प्रधान आरक्षक अजय बघेल, प्रशांत जुर्री, आरक्षक संतोष कोड़ोपी, शंकर उसेण्डी, चंदन शोरी, बिरजू सोरी तथा थाना केशकाल के आरक्षक धर्मेंद्र नेगी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कोण्डागांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




