गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। समीपस्थ ग्राम लचकेरा में मंगलवार को बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती पारंपरिक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत लचकेरा के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सतनामी समाज एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति श्रीमती नंदनी कोमल ढ़ीढ़ी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत लचकेरा के सरपंच अरुण कुमार ध्रुव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सभापति श्रीमती मंजू कमलेश साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष यादुराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। मुख्य अतिथि नंदनी कोमल ढ़ीढ़ी ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने समाज को सत्य, अहिंसा और समानता का मार्ग दिखाया। “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश आज भी सामाजिक समरसता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास जी के विचारों को अपनाकर ही एक समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सरपंच अरुण कुमार धु्रव ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का जीवन हमें नशामुक्ति, सत्य आचरण और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से गुरुजी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की अपील की। इस अवसर पर जनपद सभापति मंजू कमलेश साहू ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सतनाम पंथ के सिद्धांत समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और हमें उन्हें आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम में पंचगण तुलस कन्नोजे, गुंजू यादव, रोहित सिन्हा, ढालेन्द्रा साहू, रानू बंजारे, ललिता साहू, ग्राम विकास सचिव राजेन्द्र सिन्हा, सुदामा बंजारे, कुंजू बंजारे, आनंद रात्रे, हिरदय साहू सहित समस्त सतनामी समाज एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा गुरु घासीदास जी के जयघोष और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।
There is no ads to display, Please add some
