गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में रेंज स्तर पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गरियाबंद पुलिस ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 47 वारंटियों की तामिली कर उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इसमें 4 स्थायी वारंटी और 43 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
आईजी के निर्देशानुसार सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के आदेश जारी किए गए थे। अभियान के दौरान थाना क्षेत्रों में व्यापक सर्चिंग, पुरानी लंबित वारंट सूची की पुन: जांच और संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस टीमों ने लगातार कई दिनों तक अभियान चलाकर इन फरार आरोपियों को खोज निकाला।
जिला स्तरीय कार्रवाई इस प्रकार हुई—
* थाना छुरा : 02 स्थायी वारंट, 01 गिरफ्तारी वारंट
* थाना पीपरछेड़ी : 01 स्थायी वारंट
* थाना फिंगेश्वर : 01 स्थायी वारंट, 07 गिरफ्तारी वारंट
* थाना गरियाबंद : 08 गिरफ्तारी वारंट
* थाना पाण्डुका : 02 गिरफ्तारी वारंट
* थाना राजिम : 11 गिरफ्तारी वारंट
* थाना देवभोग : 14 गिरफ्तारी वारंट
इन कार्रवाइयों के तहत पुलिस ने कई ऐसे आरोपियों को भी पकड़ा है जो लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे और लगातार फरार चल रहे थे। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कठिन परिस्थितियों एवं दूरस्थ इलाकों में पहुंचकर वारंटियों की गिरफ्तारी को सुनिश्चित किया।
रेंज स्तरीय इस ऑपरेशन की सफलता से पुलिस का मनोबल बढ़ा है और आम नागरिकों में भी कानून-व्यवस्था को लेकर विश्वास मज़बूत हुआ है। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत आगे भी इसी तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि फरार आरोपी कानून की पकड़ से बच न सकें और न्यायिक प्रक्रिया निर्बाध रूप से जारी रहे।
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वारंटियों को पकड़ने की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी भी फरार आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
There is no ads to display, Please add some
