योगेन्द्र देवांगन को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी, समर्थकों ने आतिशबाजी कर मनाई खुशी; जोगी परिवार के प्रति जताया भावुक आभार
धमतरी/कुरूद/रायपुर (गंगा प्रकाश)। एक गांव से शुरू हुआ सफर अब प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी तक पहुंच गया है। ग्राम सिर्री के योगेन्द्र देवांगन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के युवा संगठन में प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद धमतरी से राजधानी रायपुर तक उत्साह का माहौल देखने को मिला। नियुक्ति की खबर के साथ ही कहीं बधाइयों का दौर चला तो कहीं आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी। समर्थकों के इस उत्साह के बीच योगेन्द्र देवांगन का आभार संदेश भी चर्चा में रहा।
राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित जोगी निवास में संगठनात्मक निर्णय के बाद योगेन्द्र देवांगन के मित्रों, समर्थकों और युवा साथियों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। आतिशबाजी, पटाखों और ढोल-नगाड़ों के साथ साथियों ने अपनी खुशी का इजहार किया। नई जिम्मेदारी मिलने को समर्थकों ने उनके लिए सम्मान और संगठन में आगे बढ़ने के नए अवसर के रूप में देखा।

प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी मिलने पर योगेन्द्र देवांगन ने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से अपने बड़े भाई तुल्य अमित जोगी, मातृश्री रेणु जोगी और भाभी तुल्य ऋचा जोगी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा परिवार के सदस्य की तरह स्नेह, सम्मान, विश्वास और मार्गदर्शन मिला है। उन्होंने कहा कि यह अपनत्व उनके लिए अमूल्य है और वरिष्ठजनों का विश्वास उन्हें बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
👉 जरूर पढ़ें : अब सड़कों पर खाकी के साथ दिखेगी युवाओं की ताकत ! गरियाबंद पुलिस ने क्यों सौंपी नई कमान?
योगेन्द्र देवांगन ने कहा कि ग्राम सिर्री जैसे छोटे से गांव से निकलकर प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी प्राप्त करना उनके लिए गौरव और भावुकता का क्षण है। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी से जुड़कर सामाजिक कार्यों एवं जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ना उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है। उनके लिए यह नियुक्ति केवल पद हासिल करना नहीं, बल्कि जनता के प्रति दायित्वों को और गंभीरता से निभाने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना, जनहित के मुद्दों को उठाना तथा जरूरतमंदों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। संगठन के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में वे युवाओं को सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और आम जनता के बीच संवाद एवं सहयोग बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
इस खुशी के अवसर पर राजू नेताम, लल्लू साहू, रानू देवांगन, दुर्गेश देवांगन, कैलाश देवांगन, नीरज साहू, दीपक साहू, रूपल साहू सहित अन्य साथियों ने उनका स्वागत किया। समर्थकों ने उत्साह के साथ बधाइयां दीं। योगेन्द्र देवांगन ने सभी मित्रों और साथियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कठिन समय में साथ खड़े रहने वाले मित्र और शुभचिंतक ही जीवन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं।

धमतरी संगठन में भी नई जिम्मेदारियां
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के संगठनात्मक विस्तार के तहत धमतरी जिले में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। धमतरी शहर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी नोगेंद्र देवांगन को तथा धमतरी ग्रामीण जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी राजू लक्ष्मण नेताम को दी गई है। योगेन्द्र देवांगन ने दोनों नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने, युवाओं को जोड़ने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की दिशा में प्रयास होंगे।
उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी में नई जिम्मेदारी पाने वाले सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा और जनता की समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान की दिशा में ईमानदार प्रयास करने होंगे।
पद के साथ बढ़ी जवाबदेही, सेवा का संकल्प
योगेन्द्र देवांगन ने ग्राम सिर्री के सम्माननीय ग्रामवासियों, धमतरी जिले के शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवा साथियों और सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का हृदय से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आज मिला सम्मान अनेक लोगों के स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद से जुड़ा है।
👉 जरूर पढ़ें : चरौदा को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की नई सौगात, अब ग्रामीणों को छोटी बीमारियों के इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर !
उन्होंने भावुक संदेश में कहा कि ग्राम सिर्री की मिट्टी ने उन्हें पहचान दी है। वे अपने गांव, जिले और प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा आप सभी का स्नेह मेरे लिए सम्मान है, आपका विश्वास मेरी जिम्मेदारी है और आपकी उम्मीदों पर खरा उतरना मेरा संकल्प है।
ग्राम सिर्री से प्रदेश संगठन तक पहुंचे योगेन्द्र देवांगन के लिए नई जिम्मेदारी अब एक नई परीक्षा भी है। स्वागत के जश्न और बधाइयों के बीच उनके सामने संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के संकल्प को जमीन पर उतारने की चुनौती रहेगी।





