CG News , बिलासपुर। जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां मोबाइल फोन पर बात करते समय छत से गिरकर एक युवती की मौत हो गई। यह घटना मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल और लापरवाही के खतरों को एक बार फिर उजागर करती है। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई।
CG News : छत पर मोबाइल में व्यस्त रहना पड़ा भारी, एक पल की लापरवाही ने छीनी जान
छत पर मोबाइल पर बात कर रही थी युवती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी के पेंड्री गांव की रहने वाली प्रिया महेश्वरी (28 वर्ष), पिता मोहर साय, बिलासपुर के मगरपारा इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। 25 नवंबर 2025 को वह अपने घर की छत पर मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान वह मोबाइल में पूरी तरह व्यस्त हो गई थी और छत पर टहलते समय उसका संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ी।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने तुरंत उसे उठाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गिरने से प्रिया को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई और लगातार इलाज जारी रखा गया। करीब 25 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद, आखिरकार 20 दिसंबर 2025 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने किया मर्ग कायम
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिविल टीआई एसआर साहू ने बताया कि युवती की मौत की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया। इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार यह एक दुर्घटनाजन्य मौत का मामला है और इसमें किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है।
परिजनों में मातम
युवती की असमय मौत से परिवार में गहरा शोक है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि प्रिया अपने परिवार का सहारा थी और कामकाज के सिलसिले में बिलासपुर में रह रही थी।
There is no ads to display, Please add some
