सरस्वती साइकिल वितरण समारोह में जनप्रतिनिधियों ने बालिकाओं को पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
संदीप कुमार अग्रवाल
पिथौरा (गंगा प्रकाश)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलडीह में 19 सितंबर 2026 को निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। साइकिल मिलते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में अतिथियों ने बालिकाओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे रहीं, जबकि अध्यक्षता जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शाला समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में सांकरा मंडल अध्यक्ष हलधर साहू, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य जगमोती दीनदयाल भोई, जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 18 भारती छोटू अग्रवाल एवं सरपंच गीतांजलि अनुराग प्रधान मौजूद रहीं।
शिक्षा की राह हुई आसान
छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए अतिथियों ने कहा कि साइकिल मिलने से विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और बालिकाओं की पढ़ाई नियमित बनी रहेगी। जनपद सदस्य भारती छोटू अग्रवाल ने बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं छात्राओं के लिए विद्यालय तक पहुंच आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
👉 जरूर पढ़ें: संगठन की एकता और सनातन संस्कृति के संदेश से गूंजा तिलंजनपुर, स्थापना दिवस पर जुटा जनसमूह
विद्यालय के प्राचार्य ओ. एस. दीवान ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए सरस्वती साइकिल योजना को बालिकाओं की शिक्षा को सुगम बनाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं में विद्यालय आने-जाने की सुविधा के साथ पढ़ाई के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा।
माता प्रथम गुरु, शिक्षक जीवन के मार्गदर्शक
विशिष्ट अतिथि पुरुषोत्तम घृतलहरे ने कहा कि माता बच्चे के जीवन की प्रथम गुरु होती हैं और संस्कारों की नींव रखती हैं। वहीं शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं व्यवहार को निखारते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने शिक्षक को ज्ञान का दीपक बताते हुए कहा कि गुरु के सान्निध्य में प्राप्त शिक्षा समाज में सकारात्मक परिवर्तन की आधारशिला बनती है।
जिला पंचायत सदस्य जगमोती दीनदयाल भोई ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अच्छे अंकों के साथ सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं। वहीं मुख्य अतिथि उषा घृतलहरे ने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
👉 जरूर पढ़ें: चार भाइयों से शुरू हुई कहानी, नवाखानी पर फिर दिखी परिवार की वह तस्वीर जो रिश्तों को जोड़ती है
कार्यक्रम में शाला विकास समिति के सदस्य एवं पालकगण उग्रसेन दास, संजय बरिया, महेश अदावर, नीलाम्बर सागर, पवित्र पात्रा, माधवी मांझी, तिलोत्मा विशाल, अक्षय अदावर, भोजराज मेहर, हरिशचंद भोई सहित अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं व्याख्याता पूरन लाल दीवान ने किया, जबकि समापन व्याख्याता धनेश्वर प्रधान ने किया। समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शाला परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
