गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। रविवार को जिला भाजपा कार्यालय गरियाबंद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम’‘मन की बात’ का 131वां एपिसोड सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि त्योहार को परिवार और समाज के साथ मिलकर उत्साहपूर्वक मनाएं तथा पर्यावरण का भी ध्यान रखें।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में लोकल फॉर वोकल के मंत्र को दोहराते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब देशवासी स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने हाल ही में आयोजित एआई समिट का उल्लेख करते हुए बताया कि इस सम्मेलन में विश्व के कई नेताओं और प्रमुख टेक कंपनियों के प्रतिनिधियों से उनकी सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उपयोग अब पशुओं के उपचार सहित विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में भी किया जा रहा है। इससे किसानों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिल रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम पर भी गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। यह उपलब्धि युवाओं की नवाचार क्षमता और सरकार की सकारात्मक नीतियों का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से नई तकनीक और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने अपने संबोधन में गुणवत्ता (क्वालिटी) पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यदि भारत को ‘विकसित भारत’ बनाना है, तो प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। उत्पाद, सेवाएं और कार्यसंस्कृति—हर स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित करना देश की प्रगति का आधार बनेगा।
CG BREAKING : भीषण सड़क हादसा’ ट्रेलर और पेट्रोलिंग वैन की टक्कर में 5 पुलिसकर्मियों की मौत, 3 गंभीर
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा, अमित वखारिया, राजडे, शुभम सांग, अमर सिंह ठाकुर, नेहा जान तथा गौरव राजू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
There is no ads to display, Please add some
