जब पुलिस ने शिक्षक में देखा समाज का प्रहरी
छुरा (गंगा प्रकाश)। अपराध से लड़ने वाली पुलिस और समाज को दिशा देने वाले शिक्षक—दोनों की जिम्मेदारियां अलग जरूर हैं, लेकिन उद्देश्य एक ही है, एक सुरक्षित और संस्कारित समाज का निर्माण। शिक्षक दिवस पर छुरा पुलिस ने इसी सोच को सामने रखते हुए शिक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में योगदान देने वाले तीन शिक्षकों का सम्मान कर एक अलग संदेश दिया।

डीएसपी गरिमा दादर ने लोकगीत गायक एवं सेवानिवृत्त व्याख्याता के.आर. सिन्हा, सेवानिवृत्त शिक्षक उखराज ध्रुवा तथा शिक्षक एवं योगविद् अर्जुन धनंजय सिन्हा को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
👉 जरूर पढ़ें – CG NEWS : गुरुओं के सम्मान में सजा शिक्षक दिवस समारोह
सम्मान समारोह में डीएसपी गरिमा दादर ने कहा कि पुलिस अपराध होने के बाद कार्रवाई करती है, लेकिन शिक्षक बच्चों को सही और गलत की पहचान कराकर अपराध की राह पर जाने से पहले ही रोकने का काम करते हैं। आज जब अपराध का स्वरूप तेजी से डिजिटल हो रहा है और साइबर ठगी तथा ऑनलाइन अपराध बढ़ रहे हैं, ऐसे समय में केवल पुलिस कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। समाज को जागरूक करने में शिक्षकों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वे स्वयं एक शिक्षक की बेटी हैं और उन्होंने बचपन से अपने माता-पिता को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए समर्पण के साथ कार्य करते देखा है। यही वजह है कि शिक्षक के प्रति उनके मन में विशेष सम्मान है।
सिन्हा के शिक्षकीय सफर को करीब से जाना
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी दादर ने सेवानिवृत्त व्याख्याता के.आर. सिन्हा से उनके लंबे शिक्षकीय जीवन, अनुभवों और समाज में शिक्षा की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सिन्हा के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज का गौरव बताया।
👉 जरूर पढ़ें – CG NEWS:बोड़राबांधा में विकास का बिगुल, विधायक रोहित साहू ने खोला सौगातों का पिटारा
डीएसपी ने कहा कि शिक्षक की जिम्मेदारी केवल कक्षा तक सीमित नहीं होती। शिक्षक विद्यार्थियों के विचार, व्यवहार और चरित्र को गढ़ता है। डिजिटल युग में बच्चों को ऑनलाइन अपराधों और साइबर जोखिमों से बचाने के लिए शिक्षकों को भी जागरूकता की इस मुहिम का हिस्सा बनना होगा।
शिक्षक दिवस पर पुलिस विभाग द्वारा शिक्षकों को सम्मानित किए जाने की पहल को उपस्थित लोगों ने सराहनीय बताया। कार्यक्रम में छुरा थाना स्टाफ मौजूद रहा।





