जेबों में कागज में लपेटकर रखे थे कथित बहुमूल्य खनिज, बाइक-मोबाइल समेत करीब 1.43 लाख का माल जब्त
छुरा (गंगा प्रकाश)। रसेला-खरखरा मार्ग पर संदिग्ध रूप से मोटरसाइकिल से गुजर रहे तीन लोगों को पुलिस ने नाकाबंदी कर पकड़ा। सूत्रों के अनुसार तलाशी के दौरान तीनों के पास से कागज में लिपटे छोटे-बड़े चमकीले पत्थर (हीरा )बरामद हुए हैं, जिन्हें कथित तौर पर बहुमूल्य खनिज पदार्थ बताया जा रहा है। पुलिस ने मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन समेत करीब 1 लाख 43 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
सूत्रों के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 QH 5325 में तीन व्यक्ति रसेला-खरखरा मार्ग से संदिग्ध रूप से बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा लेकर जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने रसेला-खरखरा मार्ग के देवरी धामनडीह तिराहा मोड़ के पास नाकाबंदी की।
👉 जरूर पढ़ें: आदेश कुछ और… डीईओ का बयान कुछ और! वायरल प्रश्नपत्र कांड में अब उठे बड़े सवाल
कुछ देर बाद बताए गए हुलिए के अनुसार पल्सर मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने वाहन रोककर पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम लिलेश्वर नायक, उम्र 26 वर्ष, निवासी मेड़की डबरी, थाना छुरा बताया। उसके साथ हेमकुमार यादव, उम्र 65 वर्ष, निवासी ग्राम सड़क परसुली, थाना गरियाबंद तथा पुरण नायक, उम्र 33 वर्ष, निवासी मेड़की डबरी, थाना छुरा होना बताया गया।
तीनों की अलग-अलग तलाशी में मिले चमकीले पत्थर
सूत्रों के अनुसार पुलिस द्वारा तीनों की अलग-अलग तलाशी लेने पर लिलेश्वर नायक की जींस की जेब से सफेद कागज में लिपटे छोटे-बड़े चमकीले पत्थर हीरा मिले। इसी तरह हेमकुमार यादव और पुरण नायक के पास से भी कागज में लिपटे चमकीले पत्थर हीरा बरामद किए गए।
बताया जा रहा है कि तीनों के संयुक्त कब्जे से कुल 8 नग कथित बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है।
मोबाइल और बाइक भी पुलिस के कब्जे में
कार्रवाई के दौरान तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक आरोपियों के पास से ओप्पो, लावा और विवो कंपनी के मोबाइल मिले हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई जा रही है।
वहीं कथित खनिज पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 QH 5325 को भी पुलिस ने जब्त किया है। बाइक की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
👉 जरूर पढ़ें: चरित्र शंका में पत्नी की बेरहमी से पिटाई, सुबह मौत से खुला खौफनाक राज!
इस प्रकार खनिज पदार्थ हीरा, बाइक और मोबाइल सहित जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 43 हजार रुपये बताई जा रही है।
वैध कागजात नहीं मिलने की बात
सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों से बरामद खनिज पदार्थ के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने कथित अवैध खनिज परिवहन के मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाई।
बताया जा रहा है कि मामले में बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) तथा माइनिंग एक्ट की धारा 21(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।
हालांकि बरामद चमकीले पत्थरों की वास्तविक प्रकृति और उनकी खनिज संबंधी स्थिति की अंतिम पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस कार्रवाई के बाद मामले की जांच जारी है।
