बाढ़ प्रभावित इलाकों में विधायक रोहित साहू और कलेक्टर रणवीर शर्मा ने संभाला मोर्चा, राहत-बचाव की तैयारियों का लिया जायजा
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। लगातार हो रही बारिश के बीच गरियाबंद जिले में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। राजिम से लेकर मैनपुर के आदिवासी अंचलों तक प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इसी बीच राजिम विधायक रोहित साहू और कलेक्टर रणवीर शर्मा ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव की तैयारियों की समीक्षा की।
राजिम क्षेत्र में विधायक रोहित साहू ने नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, एसडीएम विशाल महाराणा, तहसीलदार डिम्पल ध्रुव, सीएमओ संतोष विश्वकर्मा, राजस्व निरीक्षक दिलीप बांधे, पटवारी कोमल वर्मा, अजय बघेल सहित प्रशासनिक अधिकारियों और पार्षदों के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति देखी और प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन द्वारा की गई वैकल्पिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
👉 जरूर पढ़ें: मूसलाधार बारिश के बीच अमलोर में खुला विकास का नया रास्ता !
विधायक ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों, संभावित आपात स्थिति और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश की स्थिति को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जाए।
दौरे के दौरान पार्षद आकाश राजपूत, तुषार कदम, बलराम निषाद, भरत यादव, उत्तम निषाद, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि नेहरू साहू, उपाध्यक्ष सतीश यादव, राजू साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मैनपुर में कलेक्टर ने देखी जमीनी स्थिति
इधर, गरियाबंद कलेक्टर रणवीर शर्मा ने मैनपुर क्षेत्र का दौरा कर बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर पैरी नदी के उद्गम स्थल तक पहुंचे और वहां की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में बारिश के प्रभाव तथा नदी-नालों के जलस्तर की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली।
कलेक्टर ने आदिवासी अंचलों में संचालित छात्रावासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं, विद्यार्थियों की सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लगातार बारिश की स्थिति में छात्रावासों सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
‘स्थिति नियंत्रण में, लेकिन निगरानी लगातार’
कलेक्टर ने कहा कि फिलहाल जिले में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।
👉 जरूर पढ़ें: बाढ़ के बीच बीमारी ने बढ़ाई चिंता, राहत शिविरों में पहुंची स्वास्थ्य टीम
वहीं विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम क्षेत्र में करीब 30 साल बाद इस तरह की बाढ़ की स्थिति देखने को मिल रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नदी-नालों, पुल-पुलियों, जलभराव वाले स्थानों और अन्य जोखिम वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
प्रशासन ने भी लोगों से मौसम और जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर नहीं जाने तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन की नजर नदी-नालों के जलस्तर और संवेदनशील इलाकों पर बनी हुई है।
