विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां, गुरुजनों का किया सम्मान
राजमन कश्यप
नारायणपुर (गंगा प्रकाश)। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षिका रीना मंडल रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता और भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
👉 जरूर पढ़ें – CG BREKINGS:छुरा में बढ़ता नशे का जाल, युवाओं के भविष्य पर मंडरा रहा खतरा
समारोह में विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन करते हुए मुख्य अतिथि रीना मंडल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों ने अपनी कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि रीना मंडल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में जब भी और जहां भी अपने शिक्षकों से मुलाकात हो, उन्हें सम्मानपूर्वक प्रणाम करना चाहिए और आत्मीयता से दो शब्द बोलने चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक की सबसे बड़ी अपेक्षा यही होती है कि विद्यार्थी उन्हें जीवनभर स्नेह और सम्मान के साथ याद रखें।
👉 जरूर पढ़ें – CG BREKINGS : गजपल्ला वॉटरफॉल में डूबने से 17 वर्षीय युवक की मौत
विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, विनम्रता और सदाचार को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। अन्य शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, निरंतर सीखने और शिक्षा के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में गुरुजनों के आशीर्वाद के साथ हुआ।
