स्कूल से गौठान तक सीसी रोड, टिकरापारा में सड़क, नदी किनारे पुलिया और सामुदायिक भवन का भूमिपूजन
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम पंचायत कोकड़ी में रविवार का दिन धार्मिक आस्था और विकास कार्यों के नाम रहा। एक ओर बजरंग चौक में आयोजित दो दिवसीय भव्य रामधुनी समारोह का समापन हुआ, तो दूसरी ओर गांव में लगभग 52 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। दोनों कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा पारस ठाकुर, जनपद अध्यक्ष सोहन ध्रुव, उपाध्यक्ष लेखराम साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, भाजपा नेता राजू साहू, जनपद सभापति बबीता परमेश्वर सेन, सरपंच चुम्मन सिंह ध्रुव, उपसरपंच संजू साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण
ग्राम कोकड़ी में विधायक रोहित साहू ने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें प्राथमिक शाला भवन के पास 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड, प्राथमिक शाला से गौठान तक 10.40 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड तथा वार्ड क्रमांक 09 टिकरापारा में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड शामिल हैं।
👉 जरूर पढ़ें: एक गांव में बदली विकास की तस्वीर! पहले लोकार्पण, फिर करोड़ों की उम्मीदों को मिली रफ्तार—जानिए सिवनी में क्या-क्या हुआ
इन कार्यों के पूर्ण होने से स्कूल परिसर में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को सुविधा मिलने के साथ ही गांव के भीतर आवागमन भी बेहतर होने की उम्मीद है।
नदी किनारे पुलिया और शीतला मंदिर में बनेगा सामुदायिक भवन
कार्यक्रम के दौरान दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। नदी के पास 19.90 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण तथा शीतला मंदिर परिसर में 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की आधारशिला रखी गई।
लोकार्पण एवं भूमिपूजन किए गए सभी कार्यों की कुल लागत करीब 52 लाख रुपये बताई गई है।
रामधुनी की गूंज के बीच विधायक ने गिनाई विकास की प्राथमिकताएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि भक्ति और संस्कृति गांवों की सामाजिक शक्ति हैं। रामधुनी जैसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और आपसी समरसता बढ़ाने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम कोकड़ी में एक ओर भगवान श्रीराम के भजनों की गूंज सुनाई दे रही है, वहीं दूसरी ओर सड़क, शेड, सामुदायिक भवन और पुलिया जैसे बुनियादी विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से अछूता न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि कोकड़ी के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी तो ग्रामीणों का जीवन होगा आसान
जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा पारस ठाकुर ने कहा कि गांवों में बुनियादी अधोसंरचना मजबूत होने से आम नागरिकों का जीवन आसान होता है। स्कूल परिसर में शेड, पक्की सड़कें और नदी के पास पुलिया निर्माण से ग्रामीणों और बच्चों को आवागमन में राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रामधुनी जैसे धार्मिक आयोजन के अवसर पर विकास कार्यों की सौगात मिलने से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल है।
धार्मिक आयोजन से संस्कारों को बढ़ावा
भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने ग्राम कोकड़ी के ग्रामीणों द्वारा आयोजित दो दिवसीय रामधुनी समारोह की सराहना की।
👉 जरूर पढ़ें: चार दिन बाद कब्र खुली तो उठे कई सवाल, आखिर कैसे हुई बबीता की मौत?
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और सभी के सहयोग से गांव एवं क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
रामधुनी समारोह के समापन और विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
