सियान सेवा सदन में 138वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण, सेवा संकल्प अभियान के तहत वृद्धजनों को फल वितरण
गरियाबंद(गंगा प्रकाश)। सियान सेवा सदन में रविवार को माहौल कुछ अलग नजर आया। एक ओर वृद्धजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को ध्यानपूर्वक सुन रहे थे, तो दूसरी ओर कार्यक्रम के बाद आत्मनिर्भर, नशामुक्त, स्वच्छ और पर्यावरण-संरक्षित भारत को लेकर चर्चा हुई। अवसर था प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड के सामूहिक श्रवण का। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में वृद्धजन और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सर्जिकल स्ट्राइक को याद करते हुए देश के वीर जवानों के साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन किया। उन्होंने आगामी जनगणना में प्रत्येक नागरिक से सहभागी बनने की अपील करते हुए जनगणना प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी साझा की।
👉 जरूर पढ़ें: कबाड़ से जुगाड़ की उड़ान ने दिलाया राज्य का सम्मान, शिक्षक सुदामा लोधी को मिला ‘एजुकेशन स्कलप्टर अवार्ड 2026’
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की जयंती के अवसर पर राष्ट्र एवं समाज के लिए उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने सोमनाथ मंदिर के गौरव और उसके ऐतिहासिक संघर्षों का उल्लेख करते हुए भारतीय संस्कृति की निरंतरता पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही मोढेरा सूर्य मंदिर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए देशभर में किए जा रहे जनभागीदारी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रकृति संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए अधिक से अधिक लोगों से पर्यावरण के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने नशामुक्त युवा अभियान से जुड़े युवाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और संकल्प को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ा। वहीं प्रतापगढ़ के किसानों द्वारा आंवला उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उदाहरण साझा किया। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने की अपील भी की गई।
छत्तीसगढ़ की मुनगा सब्जी का भी हुआ उल्लेख
‘मन की बात’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की मुनगा सब्जी के पोषण संबंधी लाभों का उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री ने देश को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए पौष्टिक आहार और स्थानीय खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
सियान सेवा सदन में कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के बीच फल वितरण भी किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और सेवा भावना का संदेश दिया गया।
👉 जरूर पढ़ें: नशे के चंगुल में फंसता बचपन… आखिर इन मासूमों तक नशा पहुंचा कौन रहा है?
इस अवसर पर भाजपा जिला गरियाबंद अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, भाजपा जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, बिन्द्रानवागढ़ मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा, सियान सेवा सदन के संचालक कोमल साहू सहित बड़ी संख्या में बुजुर्गजन, वरिष्ठ नागरिक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छ, आत्मनिर्भर, नशामुक्त, पर्यावरण-संरक्षित और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। सियान सेवा सदन में आयोजित यह कार्यक्रम वरिष्ठजनों के सम्मान और सामाजिक सरोकारों को जोड़ने वाली पहल के रूप में भी सामने आया।
