पत्रकारों से परिचयात्मक बैठक में कलेक्टर ने गिनाईं प्राथमिकताएं, केंद्रीय विद्यालय और आधुनिक पुस्तकालय की पहल का भरोसा
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। नवपदस्थ कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सोमवार को जिले के पत्रकारों, संवाददाताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय को जरूरी बताते हुए कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है।

पर्यटन विकास पर रहेगा विशेष जोर
कलेक्टर शर्मा ने कहा कि गरियाबंद जिला प्राकृतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से समृद्ध है। जिले में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं, जिन्हें विकसित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास के साथ उनके प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने का अंतिम आदेश, 27 अगस्त को होगी जमींदोज कार्यवाही
केंद्रीय विद्यालय और आधुनिक पुस्तकालय की पहल
शिक्षा के क्षेत्र में कलेक्टर ने जिले में केंद्रीय विद्यालय खोलने की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके साथ ही जिला मुख्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय स्थापित करने की दिशा में भी कार्य करने की बात कही गई। इससे विद्यार्थियों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। कलेक्टर ने शिक्षा से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ईको पार्क का होगा पुनर्विकास
कलेक्टर ने जिला मुख्यालय स्थित ईको पार्क के पुनर्विकास की योजना पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्क को बेहतर और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ जिले में आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
टिकरापारा नाला में बाढ़ में फंसे चार लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
निर्माणाधीन सड़कों को जल्द पूरा कराने के निर्देश
जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों को जल्द पूरा कराने पर भी कलेक्टर ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था और पर्यटन सुविधाओं के विकास से जिले में विकास की गतिविधियों को नई गति मिल सकती है।
स्कूलों में समय पर पहुंचें शिक्षक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिले के शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने और नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था के साथ विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी शिक्षक पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें।

प्रशासन-मीडिया समन्वय को बताया जरूरी
परिचयात्मक बैठक में कलेक्टर ने प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक एवं बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने में मीडिया महत्वपूर्ण माध्यम है।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, जिला जनसंपर्क अधिकारी हेमनाथ सिदार सहित जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे।




