छुरा (गंगा प्रकाश)। होली पर्व से पहले किसानों को बड़ी राहत मिली है। शनिवार को छुरा के सांस्कृतिक भवन में कृषि विभाग द्वारा कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड भर के किसानों की भारी उपस्थिति रही और पूरे परिसर में उत्साह और संतोष का माहौल दिखाई दिया। किसानों के खातों में धान खरीदी की अंतर राशि पहुंचने से उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत छुरा अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत गरियाबंद के कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा, वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी तथा नगर पंचायत छुरा अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। अतिथियों ने माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
Israel Iran attack : 400 मिसाइलों से पलटवार! हमलों से दुनिया में बढ़ी जंग की आशंका
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
इस अवसर पर प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा राज्यभर के किसानों के खातों में धान खरीदी की अंतर राशि एक क्लिक के माध्यम से सीधे हस्तांतरित करने का लाइव प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री के संबोधन को किसानों ने बड़े ध्यान से सुना और तालियों की गूंज के साथ स्वागत किया।
16,708 किसानों के खातों में पहुंचे 74.59 करोड़ रुपये
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि छुरा विकासखंड की 17 समितियों के कुल 16 हजार 708 किसानों के खातों में 74 करोड़ 59 लाख 5 हजार 490 रुपये की अंतर राशि सीधे जमा की गई है। राशि जमा होने की सूचना मिलते ही किसानों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता दिखाई दी। किसानों ने कहा कि होली के पहले मिली यह राशि उनके लिए बड़ी राहत है और इससे खेती तथा घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
बाजार में बढ़ेगी रौनक
धान की अंतर राशि मिलने से स्थानीय बाजारों में भी रौनक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। व्यापारियों का मानना है कि किसानों के खातों में राशि पहुंचने से खरीदारी बढ़ेगी और होली पर्व के पहले बाजारों में अच्छी चहल-पहल देखने को मिलेगी।
किसान सम्मान का उत्सव है यह कार्यक्रम – मीरा ठाकुर
मुख्य अतिथि मीरा ठाकुर ने कहा कि यह केवल राशि वितरण कार्यक्रम नहीं बल्कि किसान सम्मान का उत्सव है। सरकार ने किसानों से किया गया वादा पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया है। धान की अंतर राशि किसानों के परिश्रम का सम्मान है और होली जैसे पावन पर्व से पहले यह राशि प्रदान कर सरकार ने किसानों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है।
BREAKING : भीषण हादसा’ पटाखा फैक्ट्री धमाके से दहल उठा काकीनाडा, 20 की मौत
किसान समृद्ध होगा तो अर्थव्यवस्था मजबूत होगी – लेखराज ध्रुवा
जिला पंचायत कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा ने कहा कि प्रदेश की सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने तथा सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान समृद्ध होगा तो बाजार मजबूत होगा और राज्य की अर्थव्यवस्था भी सशक्त बनेगी।
किसान देश की रीढ़ हैं – शिवांगी चतुर्वेदी
वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और जब तक किसान आर्थिक रूप से सशक्त नहीं होगा तब तक समग्र विकास संभव नहीं है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
होली पर्व पर किसानों में उत्साह
होली के पूर्व धान की अंतर राशि मिलने से किसानों में उत्साह का माहौल है। गांव से लेकर बाजार तक अब रौनक बढ़ने की उम्मीद है और किसान परिवार इस बार होली का त्योहार अधिक हर्षोल्लास के साथ मनाने को तैयार हैं।
अधिकारी एवं कर्मचारी भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक छुरा एस.एस. सोम, शाखा प्रबंधक खड़मा ओ.पी. यादव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बी.के. शांडिल्य, विषय वस्तु विशेषज्ञ पुष्पलता ध्रुव, प्रभारी डबल लॉक अमित सिंह, सुपरवाइजर हरिश्चंद साहू, डबल लॉक प्रभारी राजेंद्र पटेल सहित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी रोमनलाल ठाकुर, संजय बघेल, शिवकुमार साहू, संजय ध्रुव, हेमंत ध्रुव, अल्का ध्रुव, पुस्तम चौहान, संदीप प्रधान, सनत दिवान, शीतल ध्रुव सहित समिति प्राधिकृत अधिकारी, समिति प्रबंधक, किसान मित्र तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some
