कान्हा क्लब ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक समापन
5 सेट के फाइनल में SAI रायपुर को 3–2 से हराया, हजारों दर्शक बने गवाह
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। कान्हा क्लब गरियाबंद द्वारा आयोजित दो दिवसीय ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन रविवार देर रात बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। ठंडी रात के बावजूद खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों के उत्साह से मैदान पूरी तरह गरमाया रहा। फाइनल मुकाबले में डिस्टिक रायपुर ने शानदार वापसी करते हुए SAI रायपुर को 3–2 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में SAI रायपुर ने शुरुआती दो सेट जीतकर बढ़त बना ली थी, लेकिन इसके बाद डिस्टिक रायपुर की टीम ने अनुशासित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन सेट जीतकर मैच पलट दिया। निर्णायक पांचवें सेट में डिस्टिक रायपुर ने 15–6 से बढ़त बनाते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
*हर अंक पर दिखा संघर्ष, अंत तक डटे रहे दर्शक*
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी हर अंक के लिए जूझते नजर आए। कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों की संख्या में दर्शक अंतिम पॉइंट तक मैदान में मौजूद रहे। मैच समाप्त होते ही विजेता टीम के सम्मान में तालियों और जयघोष से पूरा मैदान गूंज उठा।
फाइनल मुकाबले का स्कोर डिस्टिक रायपुर ने SAI रायपुर को 25–27, 24–26, 25–19, 25–19, 15–6 से पराजित किया।
*सेमीफाइनल मुकाबलों में भी दिखा दमदार खेल*
पहले सेमीफाइनल में डिस्टिक रायपुर ने खेलो इंडिया की टीम को 25–15, 25–18 से हराया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में SAI रायपुर ने कवर्धा को 25–20, 25–18 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
*व्यक्तिगत पुरस्कारों से खिलाड़ियों का सम्मान*
* सर्वश्रेष्ठ लिफ्टर: हर्ष दुबे (SAI रायपुर)
* सर्वश्रेष्ठ ब्लॉकर: जगदीश (रायपुर जिला)
* सर्वश्रेष्ठ अटैकर: उवैश (कवर्धा)
* सर्वश्रेष्ठ लिबरो: चंद (खेलो इंडिया)
* बेस्ट कमेंट्री अवार्ड: इमरान मेमन मंच संचालन दीपक सरवैया ने किया।
राष्ट्रीय स्तर के रेफरी की रही मौजूदगी प्रतियोगिता के सभी मुकाबले राष्ट्रीय स्तर के रेफरी प्रदीप यादव, मधुसूदन और ऋतु राज की देखरेख में संपन्न हुए, जिससे प्रतियोगिता की गुणवत्ता और निष्पक्षता बनी रही।
*अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह*
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, जिला वॉलीबॉल सचिव हरमेश चवाड़ा, डीएफओ वरुण जैन, थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव, जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष ज्ञानेश तिवारी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
*खेल आयोजन युवाओं को जोड़ते हैं: अनिल चंद्रकार*
भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्रकार ने कहा कि गरियाबंद जैसे जिले में इस स्तर की ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन सराहनीय है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं।
*गरियाबंद के खेल इतिहास में यादगार आयोजन: गफ्फू मेमन*
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने कहा कि यह प्रतियोगिता गरियाबंद के खेल इतिहास में यादगार रहेगी। इस आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिला है।
*11 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा*
इस प्रतियोगिता में रायपुर जिला, SAI रायपुर, कवर्धा, कोरबा, खेलो इंडिया, किरणापुर (मध्यप्रदेश), गरियाबंद पुलिस, आमदी, गांधी क्लब गरियाबंद, मालगांव और कान्हा क्लब की टीमों ने हिस्सा लिया।
There is no ads to display, Please add some
