गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। जिला साहू संघ गरियाबंद के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) में टॉप-10 में स्थान प्राप्त साहू समाज के होनहार बेटा-बेटियों का सम्मान गायत्री मंदिर राजिम में आयोजित एक गरिमामय समारोह में किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण समाज के प्रतिभावान युवाओं को शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक, पूर्व सांसद एवं राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष माननीय चंदूलाल साहू उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि साहू समाज के युवाओं ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर पूरे समाज का मान बढ़ाया है। मुख्य अतिथि ने चयनित परीक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ के अध्यक्ष नारायण साहू ने की। इस अवसर पर प्रमुख रूप से गैंदलाल साहू (संयोजक, न्याय प्रकोष्ठ जिला साहू संघ), मिंजून साहू (महासचिव, राजिम भक्तिन मंदिर समिति), रिकेश साहू (अध्यक्ष, भाजपा मंडल राजिम), नूतन साहू (उपाध्यक्ष, राजिम भक्तिन मंदिर समिति), वरिष्ठजन झाड़ूराम साहू, अंजोर साहू सहित अनेक समाजजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में चयनित विद्यार्थियों के माता-पिता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। उन्होंने समाज द्वारा किए गए इस प्रोत्साहन के लिए आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राजिम भक्तिन मंदिर समिति के सह-सचिव ठाकुरराम साहू ने किया। अंत में मिंजून साहू, महासचिव, राजिम भक्तिन मंदिर समिति ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं समाज के सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। साहू समाज द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ते रुझान एवं युवाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने का प्रेरणादायी प्रयास साबित हुआ।
There is no ads to display, Please add some


