छुरा में तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों की देशभक्ति से गूँजा गाँव
छुरा (गंगा प्रकाश)। स्वतंत्रता के 78वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत पेण्ड्रा एवं हायर सेकंड्री स्कूल पेण्ड्रा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुरूप “हर घर तिरंगा – घर-घर तिरंगा” अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

यात्रा की शुरुआत पंचायत भवन से हुई, जहाँ सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा थामकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के गगनभेदी नारे लगाए। देशभक्ति के जोश से ओत-प्रोत यह यात्रा पूरे ग्राम से होकर गुज़री और अंत में हायर सेकंड्री स्कूल प्रांगण में संपन्न हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को तिरंगे के तीनों रंगों का महत्व विस्तार से समझाया गया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की गाथाएं सुनाकर युवाओं को प्रेरित किया गया।
यात्रा में प्रमुख रूप से सरपंच अजय कुमार ठाकुर, सचिव भूपेंद्र कुमार सेन, उप सरपंच सुंदरलाल नेताम, पंचगण प्रमिला ध्रुव, लकेश्वर ध्रुव, हीरो बाई, गोकरण, खेदी बाई, बैसाखीन ध्रुव, पूर्णिमा नेताम, कृष्ण कुमार, पूरन सिंह, परशुराम यादव, श्रीमती दुलेश्वरी, बैसाखू राम, रोजगार सहायक रमेश मरकाम, पंचायत कर्मचारी आत्माराम ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक गण सी. के. साहू, संतोष कुमार साहू, निर्मला लालवानी, मुकेश ध्रुव, लतिका साहू, एकता पाल, हीरालाल साहू, हेमंत साहू, सत्यव्रत साहू, नरेन्द्र नागेश, रणजीत यादव, बृजलाल नेताम, रुपचंद और दिव्या सहित बड़ी संख्या में 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल हुए।

इस अवसर पर सरपंच अजय कुमार ठाकुर ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारी आज़ादी, एकता और गर्व का प्रतीक है। सचिव भूपेंद्र कुमार सेन ने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की आज़ादी और विकास के लिए सदैव समर्पित रहें।
गाँव के कोने-कोने में गूंजते देशभक्ति के नारों, हाथों में लहराते तिरंगों और बच्चों के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि आज़ादी का जज़्बा आज भी उतना ही प्रबल है जितना 78 वर्ष पहले था।

There is no ads to display, Please add some


