गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। विकासखंड की सभी 70 ग्राम पंचायत के सरपंच आज शुक्रवार 28 नवंबर को अध्यक्ष हरीश साहू के नेतृत्व में 15 वें वित्त आयोग की राशि अब तक पंचायतों को न दिए जाने के साथ साथ ग्रामीण विकास से जुड़ी लंबित मांगों में त्वरित निर्णय लिए जाने हेतु जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में आंदोलन, धरना, प्रदर्शन करेंगे। सरपंच संघ के फिंगेश्वर विकासखंड के अध्यक्ष हरिश साहू ने आज इस प्रतिनिधि को बताया कि सरपंच संघ का कहना है कि राज्य सरकार के कार्यकाल के दो साल बीतने के बाद भी ग्रामीण विकास के लिए कोई ठोस जनहितैशी योजना के नहीं लाई गई है। वहीं 15वें वित्त की राशि अभी तक पंचायतों एवं नगर निकायों को प्राप्त न होने के कारण ग्राम व नगर स्तर पर मूलभूत सेवाओं व विकास कार्यो में गंभीर बाधाएं उत्पन्न हो रही है। श्री साहू ने बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायत राज एवं नगर पंचायतों का गठन हुए 10 महीने से अधिक हो चुका है, लेकिन अब तक एक भी रूपया जारी न होने से जनप्रतिनिधियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं मांगों को लेकर सरपंच संघ ने 28 नवंबर को सुबह 11 बजे गांधी मैदान में एकत्र होकर शांतिपूर्ण तरीके से रैली निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च कर ज्ञापन सौपनें का निर्णय लिया है। सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू ने कहा कि कार्यक्रम में जिला पंचायत के सभी सदस्यों, सभापति, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष एवं जिले के सभी नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्शदों, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है। सरपंच संघ ने जिले के आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस जनहित के कार्यक्रम को सफल बनायें।
There is no ads to display, Please add some


