17.84 लाख के कार्यों का लोकार्पण, 69 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन; विधायक रोहित साहू ने कहा—जनता के भरोसे पर खरा उतरना ही संकल्प
छुरा (गंगा प्रकाश)। विकासखंड छुरा के ग्राम पंचायत सिवनी में रविवार को आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम ने ग्रामीण विकास की तस्वीर को लेकर चर्चा तेज कर दी। कार्यक्रम में एक ओर जहां 17.84 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, वहीं दूसरी ओर करीब 69 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। विधायक रोहित साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है।
विधायक रोहित साहू एवं अन्य अतिथियों के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने बाजे-गाजे और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने की। इस दौरान भाजपा मंडल छुरा महामंत्री अशोक कुमार ठाकुर, जनपद सदस्य पंकज निर्मलकर, जनपद सदस्य पार्वती ध्रुव, फनेश्वर महाविद्यालय फिंगेश्वर के अध्यक्ष राजू साहू, सरपंच गंगा बाई ठाकुर, उपसरपंच सुलोचना नायक सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

इन कार्यों की रखी गई आधारशिला
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत सिवनी में 28.51 लाख रुपये की लागत से उपस्वास्थ्य केंद्र, 10 लाख रुपये के राजमिस्त्री सामुदायिक भवन, 6.50 लाख रुपये के धनश्री सामुदायिक भवन और 10 लाख रुपये के टिनशेड निर्माण का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम राजपुर में 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रार्थना शेड का भी भूमिपूजन हुआ।
इसके अलावा सिवनी के आश्रित ग्राम कांटाखुसरी में बंजारा समाज भवन तथा सिवनी में निर्मित टिनशेड निर्माण कार्य का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया गया।
स्कूल से सड़क तक ग्रामीणों की मांगों पर फोकस
सभा को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि विधायक बनने के बाद जब वे पहली बार सिवनी पहुंचे थे, तब ग्रामीणों ने स्कूल भवन की आवश्यकता बताई थी। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए स्कूल भवन की स्वीकृति दिलाई गई। इसी तरह ग्राम पेंड्रा में भी स्कूल भवन स्वीकृत कराया गया।
👉 जरूर पढ़ें: चार दिन बाद कब्र खुली तो उठे कई सवाल, आखिर कैसे हुई बबीता की मौत?
उन्होंने कहा कि खरखरा से रसेला मार्ग की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए सड़क के डामरीकरण की स्वीकृति दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र के गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पुल-पुलिया सहित बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, वह उनके लिए राजनीतिक जिम्मेदारी के साथ जनसेवा का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं और आने वाले समय में विकास की गति को और तेज करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये तथा भूमिहीन परिवारों के लिए संचालित योजनाएं सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

अभी ढाई साल बाकी, विकास कार्यों को और गति देंगे
विधायक रोहित साहू ने कहा कि उनके कार्यकाल के अभी ढाई साल शेष हैं। उन्होंने सिवनी सहित पूरे राजिम विधानसभा क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आने वाले समय में सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान विधायक ने स्वेच्छा अनुदान निधि से सात हितग्राहियों को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
अब विकास गांवों तक पहुंच रहा है—शिवांगी चतुर्वेदी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि पहले ग्रामीणों को विकास कार्यों के लिए दफ्तरों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि विधायक रोहित साहू लगातार गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और आवश्यकता के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
👉 जरूर पढ़ें: नाम मतदाताओं के… कार्ड किसने छाप दिए? डुप्लीकेट वोटर आईडी ने खड़े किए कई सवाल
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व जनता के बीच रहकर उसकी समस्याओं को समझना और समाधान की दिशा में काम करना है। सिवनी में एक साथ कई कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में सरपंच गंगा बाई ठाकुर, उपसरपंच सुलोचना नायक, उपसरपंच खिरमणी हरपाल, अवध राम ओगरे, लक्की नायक, मंजू नायक, कमलेश्वरी ध्रुव, माधुरी ध्रुव, धनेश ध्रुव, मोहन मरकाम, पीहार ठाकुर, गैदलाल ओगरे, रेवाराम ध्रुव, संतु दिवान, भीमराम नायक, हेमलाल नायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





