यदिन्द्रन नायर
बीजापुर (गंगा प्रकाश)। क्षेत्र की आस्था और परंपरा के प्रमुख पर्व चिकट राज देव मंडई का शुभारंभ रविवार को बाबा चिकट राज देव एवं पोटेनार के गुज्जा देव के पारंपरिक मिलभेंट के साथ विधिवत रूप से किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
प्रचलित परंपरा के अनुसार, पोटेनार से बीजापुर आगमन कर रहे गुज्जा देव के स्वागत के लिए बाबा चिकट राज देव स्वयं आधे रास्ते तक पहुंचे। यहां दोनों देवों का विधि-विधान से मिलन कराया गया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच यह दृश्य अत्यंत श्रद्धा और उत्साह से भरा रहा।

मंडई के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से देवी-देवताओं का आगमन भी हुआ। गोंगला से चिकट राज देव के बड़े भाई कनपराज देव, तिमापुर से चिलिसाय देव, आवापली से नीलूँगा देव, पैण्ड कोपा से पैण्ड पालो देव तथा कमरगुड़ा से उरोपोइ भीमाराज देव मंडई स्थल पहुंचे। इन देवों के आगमन से आयोजन स्थल पर धार्मिक वातावरण और अधिक प्रगाढ़ हो गया।

आयोजकों ने बताया कि अन्य देवी-देवताओं का आगमन सोमवार को होगा, जिससे मंडई का स्वरूप और भव्य होगा। आगामी दिनों में पूजा-अर्चना, पारंपरिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
चिकट राज देव मंडई क्षेत्र की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं।

There is no ads to display, Please add some


