गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। दीगर राज्य से छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से लाए जा रहे धान के परिवहन और बिक्री के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा विगत एक माह 25 दिनों में कुल 2960.25 क्विंटल अवैध धान जप्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 91 लाख 76 हजार 775 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत देवभोग और अमलीपदर थाना क्षेत्र में बॉर्डर चेक पोस्ट पर सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में 2 और 3 जनवरी 2026 को देवभोग एवं अमलीपदर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से धान परिवहन करते दो बोलेरो पिकअप वाहनों को पकड़ा। इन वाहनों से कुल 115 कट्टा धान (48.75 क्विंटल), जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 51 हजार रुपये है, जप्त किया गया।
पुलिस के अनुसार देवभोग थाना क्षेत्र में बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक ओडी-26-3883 से 60 कट्टा धान, जबकि अमलीपदर थाना क्षेत्र में बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक ओडी-10-एम-0487 से 55 कट्टा धान बरामद किया गया। मौके पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धान और वाहनों को जब्त कर संबंधित विभाग को सुपुर्द किया गया।
इसी तरह लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान अब तक कुल 58 प्रकरणों में 54 चारपहिया वाहन एवं 4 लावारिस मामलों सहित 6893 कट्टा अवैध धान पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी केवल पंजीकृत किसानों से ही निर्धारित केंद्रों में किए जाने का प्रावधान है, इसके बावजूद बाहरी राज्यों से अवैध धान लाकर बिक्री का प्रयास किया जा रहा था।
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।
