अभिभावकों की दर्दभरी फरियाद के बाद लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग, समाज से भी निभाने को कहा जिम्मेदारी
छुरा (गंगा प्रकाश)। नगर में बढ़ते नशे और जुए के दुष्प्रभाव ने अब परिवारों की खुशियां छीननी शुरू कर दी हैं। अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित माता-पिता की आंखों में आंसू और दर्दभरी फरियाद जब नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद तक पहुंची, तो उन्होंने इसे केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि समाज के भविष्य से जुड़ा गंभीर संकट मानते हुए नशा और जुआ के खिलाफ व्यापक अभियान की पहल की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि पिछले कुछ समय से नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में अभिभावक, माताएं और बुजुर्ग उनसे मिलकर अपने बच्चों के बिगड़ते भविष्य की चिंता व्यक्त कर रहे हैं। किसी ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई छोड़कर नशे की गिरफ्त में आ गया है, तो किसी ने कहा कि जुए की लत ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं। कई परिवारों ने यह भी बताया कि समझाने पर बच्चे आक्रोशित हो जाते हैं और घर का माहौल तनावपूर्ण बन जाता है। इन घटनाओं ने उन्हें गहराई से व्यथित किया है।
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर गरियाबंद पुलिस की प्रेरणादायी पहल
श्रीमती निषाद ने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे और जुए जैसी सामाजिक बुराइयों में फंसती रही, तो इसका असर केवल एक परिवार पर नहीं बल्कि पूरे समाज की प्रगति पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी नगर की सबसे बड़ी ताकत उसके संस्कारी, शिक्षित और जागरूक युवा होते हैं। इसलिए युवाओं को सुरक्षित वातावरण देना समाज और प्रशासन दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। साथ ही जुआ और सट्टा संचालित करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके।
संलग्नीकरण बंद… लेकिन व्यवस्था नहीं! पहले शिक्षक को बनाया प्रभारी ABEO, अब दूसरे स्कूल में ‘अस्थायी पदस्थापना’ का आदेश
नगर पंचायत अध्यक्ष ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों, व्यापारियों और युवाओं से भी आगे आने की अपील करते हुए कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई से यह समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं होगी। जब तक समाज स्वयं जागरूक होकर नशा और जुआ के खिलाफ जनचेतना का अभियान नहीं चलाएगा तब तक स्थायी समाधान संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को कटघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि छुरा के प्रत्येक परिवार की खुशियों और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की रक्षा करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त और जुआमुक्त छुरा के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा- यदि हम मिलकर एक भी युवा को नशे और जुए की दलदल से बाहर निकालने में सफल होते हैं तो यह पूरे समाज की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
