ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने पुलिस लाइन में जवानों को बांधी राखी, साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पुलिस लाइन गरियाबंद में भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय गरियाबंद की बहनों ने पुलिस लाइन पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और जवानों को रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर जवानों के सुखद, सुरक्षित एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने पुलिस जवानों से उपहार एवं दक्षिणा के रूप में नशामुक्ति का संकल्प लेने का आग्रह किया। बहनों की प्रेरणा से उपस्थित पुलिस जवानों ने हाथ उठाकर किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने तथा नशे से सदैव दूर रहने की प्रतिज्ञा ली। जवानों ने कहा कि समाज की सुरक्षा के साथ स्वयं को भी व्यसनों से दूर रखना उनकी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी जागरूकता का संदेश दिया गया। ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने आमजन से साइबर अपराधों से सतर्क रहने, अपनी निजी एवं बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी से बचाव के लिए दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक गोपाल वैश्य, रक्षित निरीक्षक सनत ठाकुर सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं सकारात्मक आयोजनों से तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ता है। साथ ही समाज में नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी पहुंचता है।





