गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिला पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्राम नागाबुडा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के स्कूली छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
एक सप्ताह बाद खुला डबल मर्डर का राज: पति-पत्नी की हत्या कर श्मशान घाट में दफनाए शव, तीन आरोपी गिरफ्तार
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय करते हुए बताया कि नशा किस प्रकार एक खुशहाल परिवार को बर्बादी की ओर धकेल देता है। बच्चों ने संदेश दिया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। प्रस्तुति को ग्रामीणों ने काफी सराहा तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता संदेश दिया। नाटक में बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाले खतरों को दर्शाया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं, इसलिए यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
करैत सांप के डंसने से मासूम की मौत, अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। जब बच्चे स्वयं समाज को जागरूक करने का प्रयास करते हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव व्यापक स्तर पर दिखाई देता है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देने, यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध नशे की गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम में ग्राम नागाबुडा के सरपंच, पंच, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान को ग्रामीणों ने सराहनीय पहल बताया।
