17 सितंबर को शाम 7 बजे होगा वृहद दीप प्रज्ज्वलन, कलेक्टर ने मंदिर परिसर का किया निरीक्षण
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 17 सितंबर को जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र भूतेश्वरनाथ धाम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे होने वाले वृहद दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में मंदिर परिसर हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। आयोजन को भव्य और गरिमापूर्ण स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
👉 जरूर पढ़ें: सेवा संकल्प अभियान को जनांदोलन बनाने जुटेगा गरियाबंद जिला
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शनिवार को जिला अधिकारियों के साथ भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर दीप प्रज्ज्वलन के लिए प्रस्तावित स्थान, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से पहले मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई कराने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि भूतेश्वरनाथ धाम जिले का प्रमुख धार्मिक स्थल होने के साथ लोगों की आस्था का केंद्र है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने आवागमन, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों को सुव्यवस्थित रखने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।
जनभागीदारी से होगा आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी है। 17 सितंबर की शाम 7 बजे होने वाले दीप प्रज्ज्वलन को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के प्रति आभार तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
👉 जरूर पढ़ें:गुरुकुल से गांव तक बदलेगी तस्वीर… सिरकट्टी आश्रम में विकास की बड़ी सौगात, भूमिपूजन-लोकार्पण से बढ़ी उम्मीदें
कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यक्रम की व्यापक जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था और जनभागीदारी से जुड़े इस आयोजन को पूरी गरिमा, अनुशासन और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, डीएफओ मयंक पांडे, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, नवीन भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
