गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के दूसरे सप्ताह में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को प्रमुखता दी जा रही है। अभियान के तहत 23 से 29 अगस्त 2026 तक गरियाबंद जिले में आम नागरिकों और बैंक खाताधारकों को डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रही है।
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 55.470 किलो गांजा जब्त
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देश पर जिले के विभिन्न बैंकों, एटीएम परिसरों, बैंकिंग सेवा केंद्रों और अन्य वित्तीय संस्थानों के माध्यम से लोगों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।

UPI PIN और OTP को लेकर पुलिस की खास अपील
गरियाबंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि UPI PIN का इस्तेमाल केवल भुगतान करने के लिए किया जाता है। पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी UPI PIN दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती। इसके अलावा बैंक OTP, CVV, ATM PIN, पासवर्ड और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।
स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले जा रहा था 14 किलो गांजा, छुरा पुलिस ने दबोचा
पुलिस ने नागरिकों को फर्जी लिंक से भी सावधान रहने कहा है। लॉटरी, इनाम, कैशबैक, बिजली बिल भुगतान अथवा कनेक्शन काटने के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई है। इसी तरह बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले अज्ञात व्यक्तियों पर भरोसा नहीं करने और किसी भी परिस्थिति में वित्तीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।

साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत
पुलिस ने कहा है कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने की स्थिति में पीड़ित व्यक्ति बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराए। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस दिलाने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
गरियाबंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार, परिचितों तथा आसपास के लोगों को भी डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दें। साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस और आम नागरिकों की सामूहिक जागरूकता को ही अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।





