कोंडागांव। जिले के ग्राम करंजी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में तंत्र-मंत्र जैसी संदिग्ध गतिविधि सामने आने से हड़कंप मच गया है। बुधवार सुबह (17 दिसंबर) स्कूल खुलते ही प्रिंसिपल कार्यालय के ठीक सामने लाल कपड़ा, कटे हुए नींबू, सिंदूर, लाल धागा और एक अधूरा पुतला मिला, जिसे देखकर शिक्षक, छात्र और स्टाफ सहम गए।
विद्यालय की प्राचार्या देवयानी चौधरी ने बताया कि स्कूल पहुंचते ही ऑफिस के सामने ये संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात असामाजिक तत्व ने जानबूझकर भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से यह कृत्य किया है। मौके पर रंगोली भी बनी हुई थी, जिससे देर रात तंत्र-पूजा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
Lord Shiva : आस्था की आड़ में जमीन घोटाला, शिकायत के बाद सामने आया गंभीर फर्जीवाड़ा
घटना के बाद विद्यालय परिसर में डर और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। छात्र और शिक्षक किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं। ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विद्यालय में शुद्धिकरण पूजा कराने की मांग की है।
इस घटना का असर स्कूल की पढ़ाई-लिखाई पर भी पड़ा है। शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं और छात्र-शिक्षक मानसिक रूप से असहज महसूस कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना जिला शिक्षा अधिकारी और ग्राम प्रमुखों को दे दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह कृत्य किसने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की गतिविधि करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन से जल्द जांच पूरी कर दोषियों की पहचान करने की मांग की जा रही है।
There is no ads to display, Please add some
