विधायक रोहित साहू के प्रयासों से 10 करोड़ रुपए से अधिक की बड़ी सौगात
गरियाबंद/राजिम (गंगा प्रकाश)। राजिम विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी और बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। क्षेत्र की खराब और जर्जर सड़कों को पुनर्जीवित करने के लिए 10 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है। यह स्वीकृति विधायक रोहित साहू के निरंतर प्रयासों और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम है। पदभार संभालने के बाद से ही विधायक साहू क्षेत्र के चौतरफा विकास को लेकर सक्रिय रहे हैं। उनके कार्यकाल में विकास की गति न केवल बढ़ी है, बल्कि आमजन को राहत देने वाली कई महत्वपूर्ण योजनाएँ धरातल पर उतरी हैं।
सबसे अहम मांगों में शामिल मड़वाडीह–सिर्रीखुर्द सड़क (लंबाई 10.05 किमी) के सुदृढ़ीकरण के लिए 1 करोड़ 71 लाख 63 हजार रुपए तथा छुरा ब्लॉक के खरखरा से रसेला मार्ग (लंबाई 18.71 किमी) के मजबूतीकरण के लिए 3 करोड़ 18 लाख रुपए की स्वीकृति मिल गई है। इन दोनों सड़कों के कारण लंबे समय से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उबड़-खाबड़ मार्ग, गड्ढे, धूल और खराब हालत के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था।
इसी के साथ क्षेत्र की अन्य कई सड़कों की पेंच मरम्मत हेतु 5 करोड़ 10 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसके बाद मरम्मत कार्य तेजी से शुरू हो चुका है। इससे आमजन को गड्ढामुक्त और सुगम सड़कें उपलब्ध होंगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्वीकृति क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। कई वर्षों से जो सड़कें सुधार की बाट जोह रही थीं, अब वे मजबूत और सुरक्षित बनकर सामने आएंगी।
डबल इंजन में डबल गति से विकास — विधायक रोहित साहू
स्वीकृति मिलने के बाद विधायक रोहित साहू ने कहा कि यह केवल सड़क का निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्धि और सुगमता का मार्ग है। उन्होंने कहा कि जनता से जो वादा किया गया था, उसे पूरा करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।
विधायक साहू ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा— डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास की नीति पर कार्य कर रही है। केंद्र और राज्य के समन्वय से विकास कार्य तेजी से जमीन पर उतर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मोदी जी की गारंटी को पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर उतार रहे हैं, जिसका प्रत्यक्ष लाभ हर क्षेत्र की जनता को मिल रहा है। वर्षों पुरानी मांगें पूरी हो रही हैं और नई विकास परियोजनाएं लगातार स्वीकृत हो रही हैं।
जनता में खुशी की लहर
इस बड़ी सौगात के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि खराब सड़कों के कारण लंबे समय से आमजन को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
अब उम्मीद है कि जल्द ही मजबूत और उच्च गुणवत्ता वाली सड़कें तैयार होंगी, जिससे आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा।
क्षेत्रवासियों ने विधायक रोहित साहू और प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र को विकास की नई दिशा देगा और आमजन के जीवन को सरल बनाएगा।
राजिम विधानसभा क्षेत्र अब विकास की नई दहलीज पर खड़ा है, और आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को और भी बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीद है।
There is no ads to display, Please add some


