गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। फिंगेश्वर विकासखंड के बेलर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवगांव के रिहायशी बस्ती में करीब 11 बजे प्रातः जंगली सुअर के अचानक हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इस आकस्मिक हमले में एक ग्रामीण कमल नारायण साहू बुरी तरह घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब सुबह दाल बेचने आए एक व्यापारी से खरीदारी करने के लिए 10-15 ग्रामीण बस्ती की गली में एकत्रित हुए थे। इसी दौरात, खेत की ओर से निकला एक जंगली सुअर तेज रफ्तार से सीधे भीड़ के बीच घुस आया और हमला कर दिया। सुअर के अप्रत्याशित हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग चीख-पुकार करते हुए अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अफरातफरी के इसी माहौल में, देवगांव निवासी कमलनारायण साहू पर सुअर ने सीधा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के ग्रामीणों की पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह सुअर को जंगल की ओर भगाया। घायल कमलनारायण साहू को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर ले जाया गया। उनकी गंभीर हालात को देखते हुए उन्हें तुरंत भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, अब उनकी स्थिति में धीरे धीरे सुधार हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित के परिजनों ने वन विभाग से वन्यजीव हमले के कारण राहत राशि प्रदान करने हेतु धारा 6 (4) के तहत सहायता की मांग की है। अंचल के देवगांव, परसदाकला, खुड़सा, गनियारी और घटारानी जैसे वनांचल क्षेत्रों में जंगली जानवरों विशेशकर हाथी, भालू, तेंदूआ और जंगली सुअर की आवाजाही की खबरें अक्सर आती रहती है। ग्रामीणों का इन जानवरों से आए दिन आमना-सामना हो जाता है, जिसके कारण ऐसे हमले हो रहे हैं। ग्रामीणो ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविश्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं को रोका जा सकें।
There is no ads to display, Please add some

