फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। विधायक एवं छ.ग. के प्रथम ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री अमितेष शुक्ल का आज बुधवार 27 सितंबर नगर में अनेक निर्माण कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करने दोपहर में आगमन हुआ। नगर आगमन पर पुराने बस स्टैण्ड के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उत्साही युवकों एवं कार्यकर्ताओं की भीड़ ने अमितेष शुक्ल का शानदार ऐतिहासिक स्वागत करते हुए फटाखों की जोरदार धमक, आतिशबाजी के साथ गगनभेदी नारों कांग्रेस जिंदाबाद, अमितेष शुक्ल जिंदाबाद, भूपेश बघेल जिंदाबाद आदि के साथ ही श्री शुक्ल को फुलमाला से लाद दिया। श्री शुक्ल यहां से कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों, ग्रामीणों की भीड़ के साथ पैदल ही निर्माण कार्य स्थलों में जाकर अनेकानेक निर्माण कार्यो का विधि विधान से पूजा अर्चना कर भूमिपूजन करते हुए निर्माण कार्यो का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक श्री शुक्ल ने कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित राजा निलेन्द्र बहादुर सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड क्रं. 13 में टीन शेड निर्माण 2 लाख एवं सर्वसमाज समरसता भवन निर्माण 5 लाख लोकार्पण-भूमिपूजन वार्ड क्रं. 05 में कोसरिया यादव समाज सामुदायिक भवन 5 लाख का भूमिपूजन एवं वार्ड क्रं. 08 में अहाता एवं पेवर ब्लॉक निर्माण निषाद समाज 9.84 लाख के साथ साथ टीन शेड निर्माण 5 लाख का भूमिपूजन किया। श्री शुक्ल ने इस तरह नगर में आज 5 निर्माण कार्यो लागत कुल 26.84 लाख का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजन स्थलों में उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री शुक्ल ने इस अंचल विशेषकर फिंगेश्वर नगर से हमेशा मिलते रहे कांग्रेस पार्टी एवं उनके परिवार को भारी समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि इस अंचल की पूज्यपरय एवं वंदनीय मौली माता, भगवान फणिकेश्वर नाथ, पंच मंदिर, बालाजी भगवान की हमेशा उन पर तथा उनके परिवार पर कृपा बनी रहती है। फिंगेश्वर जमींदार की रानी मॉ श्यामकुमारी देवी एवं श्रद्धेय स्व. राजा महेन्द्र बहादुर सिंह, उनके पिता श्याम भैया एवं चाचा विद्या भैया मुझे हमेशा विशेष स्नेह देते थे। मुझे नगर के लगभग सभी परिजनों का प्रेम एवं अपार समर्थन मिलता रहा है। बल्कि उन लोगों को बता रहा हूॅ जो यह झूठ एवं भ्रामक प्रचार करते घूम रहे है कि मैं बाहर का हूॅ। स्थानीय नहीं हूॅ। मैं भाजपा वालों से पूछना चाहता हूॅ कि क्या केन्द्र सरकार में भाजपा के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बनारस के रहने वाले है। क्या बनारस में उनका मकान है, जमीन है। तो फिर वे किस आधार पर बनारस के सांसद बने है। श्री शुक्ल ने बड़ी दमदारी से कहा कि वे राजिम विधानसभा के ग्राम किरवई के मतदाता है। मतदाता सूची में मेरा नाम है। वहां हमारा घर है तथा मैं वहां का किसान हूॅ। वहा हमारी 10 एकड़ कृषि भूमि है और वे अक्सर अपने किरवई निवास में कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ बैठक एवं भेंट मुलाकात करते है। राजिम विधायक एवं प्रथम पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अमितेश शुक्ल ने कहा कि भाजपा के लोग आज विकास और शराब बंदी की बात करते है। राजिम नवापारा को जिला बनाने की बात पर हर बार राजिम की जनता को गुमराह करने का कुत्सित प्रयास करते है। इनके ही कार्यकाल में गरियाबंद को जिला बनाया गया, उस समय इन्होंने राजिम को जिला क्यों नही बनाया। 15 साल तक प्रदेश में लगातार भाजपा की सरकार रही लेकिन इन्होंने राजिम को जिला बनाने के लिये कोई प्रयास नही किया, क्योंकि इनको पता है कि राजिम से गरियाबंद और रायपुर की दूरी बराबर है। गरियाबंद जिला वर्तमान में उड़ीसा बॉर्डर देवभोग तक फैला हुआ है, और इन्हें पता है कि राजिम को जिला बनाने की स्थिति में जनता को इसका समुचित लाभ नही मिल पाता और इसीलिए राजिम को जिला न बनाकर गरियाबंद को जिला बनाया गया है और अब ये घड़ियाली आंसू बहा रहे है। श्री शुक्ल ने आगे कहा कि ये लोग बार बार शराब बंदी की बात करते है, मैंने खुद राजिम मेले के दौरान मंच से तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री रमन सिंह जी से राजिम क्षेत्र में केवल 15 दिनों के लिए शराब बंदी का आग्रह किया था, जिसका समर्थन पूरी के शंकराचार्य जी ने भी भरे मंच में किया था उसके बाद भी इनके द्वारा केवल राजिम क्षेत्र में वो भी मात्र 15 दिनों के लिए शराबबंदी नही कर पाए। अब ये शराबबंदी के नाम पर राजनीति कर रहे है। हमारे भूपेश भाई ने मेरे आग्रह को स्वीकार किया और कांग्रेस की सरकार बनते ही उन्होंने राजिम माघी पुन्नी मेला के दौरान राजिम क्षेत्र के शराब दुकानों को 15 दिन बंद रखने का आदेश दिया। 15 साल में ये लोग छुरा को अनुभाग, फिंगेश्वर को तहसील, कोपरा को नगर पंचायत और पाण्डुका को उप तहसील नही बना पाए। हमारे भूपेश भाई की सरकार ने मेरे आग्रह पर ये सब काम किया है। विकास और कैसे होता है। कई सौ करोड़ रुपयों के काम राजिम विधानसभा के लिये स्वीकृत हुए है। राजिम क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जतमई और घटारानी में सड़कों का निर्माण मेरे मंत्रित्व काल मे हुआ था और उस मार्ग का नवीनीकरण का काम भी कांग्रेस की सरकार ने ही अभी किया है। सतनामी समाज के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सन्तोषपुरी धाम में 1.50 करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण होना है, जिसका बजट प्रावधान भी हो चुका है। हमारे भूपेश भाई की सरकार ने सड़क, पुल, बिजली, पानी सभी क्षेत्र में पूरे प्रदेश में विकास की नई गाथा लिखी है। ये लोग विकास क्या जाने, ये लोग खुद भ्रष्टाचार में इतने लिप्त थे कि इनके ही पार्टी के तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह जी को मंच के माध्यम से अपने मंत्रियों और कार्यकर्ताओं को कहना पड़ गया था कि अगर छत्तीसगढ़ में दुबारा सरकार बनानी है तो 1 माह के लिये अपना कमीशन बंद कर दो। जबकि जब मैं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री था, तब तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा के सत्र के दौरान कहा था कि इस प्रदेश में अगर कोई सबसे ईमानदार मंत्री है तो वो अमितेश शुक्ल है, जो आज भी विधानसभा में ऑन रिकॉर्ड उपलब्ध है, भाजपा के लोग जाकर पता कर सकते है। राजिम और पूरे प्रदेश की जनता भाजपा के कारनामों को भलीभांति जानती है और दुबारा इनके झांसे में नही आने वाली है। मेरा इस पूरे राजिम विधानसभा के एक एक परिवार के साथ न सिर्फ पारिवारिक साथ ही राजनीति से ऊपर उठकर आत्मीय रिश्ता है। जब भी मुझे जरूरत पड़ी मुझे नगरवासियों ने भरपूर साथ दिया है। और मुझे पूरा विश्वास है कि आगे भी मुझे आप सभी नागरिकों का भरपूर स्नेह मिलता ही रहेगा। आज के भूमिपूजन कार्यक्रम का जिक्र करते हुए श्री शुक्ल ने कहा कि नगर एवं नगरवासियों की आवश्यकताओं एवं जरूरतों के लिए यहां ऐसे निर्माण कार्य हमेशा से होते रहे है हो रहे है और भविष्य में भी आप लोगों की जरूरतों के अनुरूप होते रहेंगे। मैं इसके लिए नगरवासियों से वचनबद्ध हूॅ। इसके पूर्व यहां पहुंचने पर श्री शुक्ल का स्वागत उपाध्यक्ष रूखमणी मांडले पार्षदगण अनिल चंद्राकर कमलेश यदु दीपक श्रीवास ठाकुरराम साहू बेनीराम सोनवानी द्वारका ठाकुर श्रीमती सुनीता श्रीवास एल्डरमेन ओमप्रकाश बंछोर जितेन्द्र सिंह ठाकुर डोंगर मरकाम सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने काफी उत्साह, उमंग के साथ फुलमाला पहनाकर गगनभेदी नारे लगाते हुए किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने के पूरे रास्ते में नागरिकों ने मुख्य अतिथि विधायक अमितेष शुक्ल सहित अतिथियों का ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्वागत कर श्री शुक्ल के प्रति अपने विश्वास एवं अपनत्व का इजहार किया। श्री शुक्ल आज कार्यक्रमों एवं उन्हें नागरिकों के स्वागत से काफी प्रसन्न लगे। कार्यक्रम के मंचो पर श्री शुक्ल का स्वागत नगर पंचायत पार्षदों के साथ साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं हरिशंकर श्रीवास्तव, बिसौहा हरित, करीम खान, रामकृष्ण तिवारी, दीपक श्रीवास, धनराज सूर्यवंशी, अतुल श्रीवास्तव, नत्थू कश्यप, महेन्द्र ठाकुर, शरद चतुर्वेदी, चन्द्रमणी चंद्राकर, संजू यदु, तेजेश यदु, टिकेश साहू, युवराज सिन्हा, राजऋषि टंडन, लक्ष्मण मांडले, संतोष ठाकुर, बंशीलाल घृतलहरे, मनोज सोनवानी, रामाधीन साहू आदि ने किया। कार्यक्रमों का संचालन बिसौहा हरित एवं आभार संबंधित वार्डो के पार्षदों ने किया।


There is no ads to display, Please add some
WhatsApp Facebook 0 Twitter 0 0Shares
Share.

About Us

Chif Editor – Prakash Kumar yadav

Founder – Gangaprakash

Contact us

📍 Address:
Ward No. 12, Jhulelal Para, Chhura, District Gariyaband (C.G.) – 493996

📞 Mobile: +91-95891 54969
📧 Email: gangaprakashnews@gmail.com
🌐 Website: www.gangaprakash.com

🆔 RNI No.: CHHHIN/2022/83766
🆔 UDYAM No.: CG-25-0001205

Disclaimer

गंगा प्रकाश छत्तीसगढ के गरियाबंद जिले छुरा(न.प.) से दैनिक समाचार पत्रिका/वेब पोर्टल है। गंगा प्रकाश का उद्देश्य सच्ची खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का है। जिसके लिए अनुभवी संवाददाताओं की टीम हमारे साथ जुड़कर कार्य कर रही है। समाचार पत्र/वेब पोर्टल में प्रकाशित समाचार, लेख, विज्ञापन संवाददाताओं द्वारा लिखी कलम व संकलन कर्ता के है। इसके लिए प्रकाशक, मुद्रक, स्वामी, संपादक की कोई जवाबदारी नहीं है। न्यायिक क्षेत्र गरियाबंद जिला है।

Ganga Prakash Copyright © 2025. Designed by Nimble Technology

You cannot copy content of this page

WhatsApp us

Exit mobile version