“सीमा पर जंग, परदे के पीछे कमाल — ऑपरेशन सिंदूर की हीरो कर्नल सोफिया की बहन बॉलीवुड की शेरनी निकली!”
नई दिल्ली(गंगा प्रकाश)।सीमा पर गोलियों की गूंज है। आकाश में गरजते फाइटर जेट हैं। देश की सुरक्षा की बागडोर इस समय कुछ चुनिंदा वीरों के हाथों में है — उनमें से एक नाम है कर्नल सोफिया कुरैशी। ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके के आतंकी ठिकानों पर किए गए जवाबी हमलों की अगुवाई करने वाली इस जांबाज़ महिला अफसर की चर्चा हर ओर है। प्रेस ब्रीफिंग में उनके आत्मविश्वास और रणनीतिक स्पष्टता ने पूरे देश को प्रभावित किया है। लेकिन जो बात कम ही लोगों को पता है — वो ये कि इस बहादुर फौजी की बहन भी कमाल की हस्ती हैं। वो बॉलीवुड में धमाल मचा रही हैं, वो भी बिल्कुल अपने अंदाज़ में।
कौन हैं कर्नल सोफिया कुरैशी?
कर्नल सोफिया कुरैशी एक ऐसा नाम बन चुकी हैं, जो अब वीरता, नेतृत्व और नारी शक्ति का प्रतीक बन गया है। उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी से बायोकैमिस्ट्री में मास्टर्स किया था और पीएचडी कर रही थीं, जब उन्होंने सेना की वर्दी पहनने का सपना देखा। और फिर क्या — पीएचडी छोड़, भारतीय सेना में शामिल हो गईं।
वो पहली भारतीय महिला बनीं जिन्होंने मल्टीनेशनल मिलिट्री एक्सरसाइज का नेतृत्व किया। आज वो सिर्फ फौज में एक अफसर नहीं हैं, बल्कि देश की आवाज हैं। ऑपरेशन सिंदूर की हर बारीक जानकारी, रणनीति और अपडेट वह पूरे देश को दे रही हैं, और उनका हर बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लेकिन उनकी बहन…? बॉलीवुड में मचा रही हैं धमाल!
अब आते हैं उस सरप्राइज़ एलिमेंट पर, जो आपकी दिलचस्पी और भी बढ़ा देगा। सोफिया कुरैशी की बहन, शायना कुरैशी, भी अपने क्षेत्र में किसी योद्धा से कम नहीं हैं। कैमरे के पीछे रहकर, वो मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में एक मजबूत नाम बन चुकी हैं।
शायना का अपना प्रोडक्शन हाउस है, जहाँ से वो फिल्में, वेब सीरीज़ और हाई-प्रोफाइल एड फिल्में बनाती हैं। वो पर्दे के पीछे की क्रिएटिव डायरेक्टर, लाइन प्रोड्यूसर और कंटेंट स्ट्रैटजिस्ट के तौर पर काम करती हैं। कई बड़े ब्रांड्स और फिल्म निर्माताओं के साथ उनका जुड़ाव है, और इंडस्ट्री में उनकी एक खास पहचान बन चुकी है।
एक बहन सीमा पर, दूसरी सिनेमा में — दोनों ही देश के लिए प्रेरणा
जहां एक बहन बॉर्डर पर खड़ी होकर दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है, वहीं दूसरी बहन क्रिएटिव दुनिया में देश और समाज के मुद्दों को दिखाने का माध्यम बन रही है।
सोफिया की वर्दी में शक्ति है, तो शायना के कैमरे में संवेदना।
ये सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि नारी शक्ति की नई परिभाषा है।
आज जब देश की सुरक्षा को लेकर हर आँख टीवी स्क्रीन पर लगी है, तब कर्नल सोफिया का नाम हर दिल की धड़कन बन चुका है। और अब उनकी बहन शायना की कहानी जानकर लोग कह रहे हैं — “ये हैं असली सुपरवुमन की जोड़ी!”
There is no ads to display, Please add some


