उत्तर बस्तर कांकेर (गंगा प्रकाश)। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आज बैठक लेकर शहर के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को दिए।
जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्य धीमी गति से हो रहा है, जिसके कारण आम नागरिकों को कई दिनों से बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अतः सभी संबंधित विभाग निर्माण कार्य में आ रही दिक्कतों को आपसी समन्वय से दूर कर कार्य में तेजी लाएं।
बैठक में कलेक्टर ने ठेकेदार से सड़क निर्माण में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ठेकेदार ने बताया कि निर्माणाधीन सड़क के किनारे एक जगह पर बांस के पेड़ को हटाने की जरूरत है, वहीं कुछ जगहों पर पाईपलाईन लाईन में रिसाव के वजह से सड़क निर्माण कार्य बाधित हो रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क के किनारे कुछेक प्वाइंट पर अभी भी विद्युत पोल की शिफ्टिंग का कार्य बाकी है। इसी प्रकार कुछ जगहों पर सड़क किनारे अतिक्रमण को हटाने की आवश्यकता पर भी कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने यह बताया कि इन सभी परेशानी दूर होने के बाद ही सड़क निर्माण कार्य में तेजी आएगी। बैठक में कलेक्टर ने विद्युत विभाग को विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के लिए शीघ्रता से आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, वहीं पाईपलाईन शिफ्टिंग हेतु मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया। उल्लेखनीय है कि शहर से गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर 3.60 किलोमीटर का सड़क चौड़ीकरण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण 26.81 करोड़ रूपए की लागत से किया जा रहा है, जिसके निर्माण की पूर्णता तिथि फरवरी 2024 है। इस अवसर पर एसडीएम कांकेर श्री मनीष साहू, तहसीलदार सहित पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग, पीएचई, निर्माण एजेंसी के ठेकेदार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some
