गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। छ.ग. चेंबर ऑफ कामर्स के लगातार प्रयास, केन्द्रिय मंत्रियों से मिलकर अनेको बार आवेदन देने एवं छ.ग. चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष अमर परवानी द्वारा दिल्ली तक जाकर छ.ग. की राजधानी रायपुर में जीएसटी के विवादित मामलों की सुनवाई के लिए ट्रिब्यूनल प्रारंभ करने के लगातार किए गए प्रयासों को अन्ततः सफलता मिलने से पूरे छ.ग. के व्यापार जगत में चेंबर के प्रयास की सराहना की जा रही है। छ.ग. चेंबर ऑफ कामर्स के मंत्री एवं गरियाबंद जिला प्रभारी अरेन्द्र पहाड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि व्यापारियों के विवादित प्रकरणों की सुनवाई के लिए 1 जून से रायपुर में जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटी ट्रिब्यूनल) दफ्तर खुलेगा। छ.ग. चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष अमर परवानी के सतत् प्रयास से छ.ग. के व्यापारियों के लिए रायपुर में खुलने वाले कार्यालय के लिए विभागीय अधिकारी इसकी तैयारियों में जुटे हुए है। इसके लिए सिविल लाइन स्थित आयकर कार्यालय दफ्तर और नई राजधानी में स्थल चिन्हांकित किया गया है। वहीं अध्यक्ष, सदस्यों और कर्मचारियों के नियुक्ति की कवायद चल रही है। बताया जाता है कि आचार संहिता के समाप्त होते ही ट्रिब्यूनल का दफ्तर अपना काम शुरू कर देगा। जहां कारोबारियों के विवादित प्रकरणों की सुनवाई के साथ उनका निराकरण किया जाएगा। श्री पहाड़िया ने बताया कि कारोबारियों के जीएसटी संबंधित प्रकरणों की सुनवाई और उसका समाधान की प्रक्रिया में अधिक समय लगता है। वहीं सुनवाई में असंतुष्ट होने पर कारोबारी न्यायलय की शरण में जा रहे थे। लेकिन वहां पहले से ही लंबित मामलों की लाइन लगी हुई है। वहीं जीएसटी मामलों से निपटने के लिए कोई विशेष पीठ नहीं होने के कारण ट्रिब्यूनल का गठन करने की कवायद पिछले काफी समय से चल रही थी। सेंट्रल जीएसटी अपील के आयुक्त अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि जल्दी ही ट्रिब्यूनल बेंच रायपुर में काम शुरू कर देगा। अब छ.ग. के व्यापारियों को जीएसटी के विवादित प्रकरणों के समाधान के लिए नई दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा।
There is no ads to display, Please add some


