रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं रायपुर लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने देश में हुए लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एग्जिट पोल से यह साबित हो रहा है कि भारत की जनता नरेंद्र मोदी जी के सक्षम नेतृत्व पर अपनी मोहर लगाते हुए उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाए जाने का मार्ग प्रशस्त कर रही है। वहीं विदेशी ताकतों के हाथों की कठपुतली बनकर देश की अखंडता के साथ खिलवाड़ करने वाले, धर्म एवं समाजों में भेद कराने वाले, भ्रष्टाचार करके जेल जाने वालों की पार्टी कांग्रेस व उनके गठबंधन दलों को देश की सत्ता से दूर ही रख रही है। बृजमोहन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता भी लोकसभा चुनाव में 11 में से 11 सीटें भाजपा को सौंप रही है। जनता का यह निर्णय निश्चित तौर पर भाजपा के सुशासन, विकास और सुरक्षा के संकल्प को समर्थन देना ही है। बृजमोहन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता के लिए राजनीति नहीं करती। भाजपा का ध्येय राष्ट्र, धर्म और समाज की सेवा करना है। मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की हमारी सरकार ने बगैर भेदभाव के देश के जनता की सेवा की। उनके विकास, उनकी सुरक्षा, उनके भविष्य की चिंता करते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें प्रदान किया। फल स्वरुप आज देखिए देश की जनता का आशीर्वाद पुनः भाजपा को मिल रहा है।
There is no ads to display, Please add some


