वन विभाग क्षेत्र में लगातार करा रहा मुनादी
भागवत दीवान
कोरबा(गंगा प्रकाश)। पसान रेंज में हाथियों का दल रहवास क्षेत्र में पहुंच गया है। 25 हाथियों के दल के ग्राम तराईमार के पास पहुंचने के कारण वन विभाग के साथ ही ग्रामीण भी सखते में आ गए है। वन विभाग क्षेत्र में लगातार मुनादी करवा रहा है। हाथियों की धमक से ग्रामीण काफी भयभीत है यही वजह है,कि कुछ ग्रामीण जहां पक्के मकानों में शरण लिए हुए हैं वहीं कुछ मशाल जलाकर अपनी और अपने मकान की रक्षा करने में जुटे हुए है।
पसान रेंज में हाथियों की सक्रियता लगातार बनी हुई है। 25 हाथियों के विचरण से न तो वन विभाग को चैन है और न ही ग्रामीण सुकून से रह पा रहे है। जंगल में विचरण करते करते हाथी अब रहवास क्षेत्र में भी पहुंच गए है। हाथी पसान क्षेत्र के सरहदी मुहल्ला तराईनार के नजदीक पहुचं गए है जिससे ग्रामीणों का बुरा हाल है। डर के मारे कई लोग अपना घर छोडक़र पक्के मकान में शरण लिए हुए हैं जबकि कई मशाल जलाकर रतजगा करने को मजबूर है। विचरण के दौरान हाथियों का झुंड पेंड्रा बैकुंठपुर मार्ग पर आ गया जिससे घंटो तक इस मार्ग पर जाम लगा रहा और यात्री बसों में लोग फंसे रहे। हाथियों के कारण किसी तरह का नुकसान न हो इसके लिए वन विभाग लगातार मुनादी करवा रहा है और लोगों से अपील कर रहा है कि ग्रामीण हाथियों की नजदीक जाने की चेष्टा न करे। पसान रेंज में पिछले 1 माह से हाथियों का दल विचरण कर रहा है । जिसके कारण एक युवक की मौत भी हो चुकी है। वन विभाग हाथियों को खदेडऩे का काफी प्रयास कर रहा है लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण चाहते हैं कि प्रशासन हाथियों को रोकने जरुरी प्रयास करे ताकि वे चैन से अपने घरों में रह सके।
There is no ads to display, Please add some


