रिपोर्ट: ओ पी साहू
प्रबंध संपादक: दैनिक गंगाप्रकाश न्यूज
बस्तर। कृष्ण विकास नेक्स्टजेन स्कूल में 17 जनवरी को भव्य वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “बस्तर के रंग, कृष्ण विकास के संग” रखी गई, जिसने बस्तर की समृद्ध संस्कृति और शिक्षा के समन्वय को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री शलभ कुमार सिन्हा (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक, बस्तर तथा विशिष्ट अतिथि श्री दासरी मुरली कृष्ण, अध्यक्ष – कृष्ण विकास समूह के संस्थान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत समारोह के साथ हुई। इसके पश्चात संस्था के दोनों परिसरों के प्राचार्य श्री अजीत ठाकुर, श्रीमती रीता मांडविया तथा छात्र-छात्रा प्रमुखों द्वारा संयुक्त रूप से शैक्षणिक सत्र 2025–26 की वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत की गई, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विविध गतिविधियों का उल्लेख किया गया।
वार्षिकोत्सव के अंतर्गत प्रस्तुत सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम बस्तर की लोकसंस्कृति, परंपरा और विकास को समर्पित रहे। इसके उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया, जिसकी अभिभावकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
मुख्य अतिथि श्री शलभ कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति, समाज और लक्ष्य के प्रति जागरूकता पैदा करते हैं। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को लक्ष्य साधने के प्रभावी उपाय भी बताए।
विशिष्ट अतिथि श्री दासरी मुरली कृष्ण ने भी विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन श्रीमती स्मिता राजपूत द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, गर्व और सांस्कृतिक ऊर्जा का माहौल बना रहा।
📌 शिक्षा के साथ संस्कृति—यही है कृष्ण विकास नेक्स्टजेन स्कूल की पहचान
There is no ads to display, Please add some
