गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले तीन दिनों के भीतर 8 हाईवा ट्रकों को जब्त किया है। पुलिस ने धमतरी और पोखरा रोड की ओर से अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़कर थाना परिसर में खड़ा कराया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले भर में अवैध खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना राजिम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान रेत परिवहन कर रहे 8 हाईवा ट्रकों के पास आवश्यक दस्तावेज और वैध अनुमति नहीं पाए जाने पर उन्हें जब्त कर लिया गया।
20 मिनट में ढूंढ निकाली गुम हुई चांदी की करधन, मैनपुर पुलिस की तत्परता से महिला के चेहरे पर लौटी मुस्कान
कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को सुरक्षित रूप से थाना परिसर में रखा गया है। वहीं मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खनिज विभाग और राजस्व विभाग को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा गया है, ताकि संबंधित नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। लंबे समय से जिले में अवैध रेत परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिसके चलते प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है।
जंगल में बन रही थी महुआ शराब, पुलिस ने 14 लीटर के साथ आरोपी को दबोचा
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिज भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में आकस्मिक जांच तथा नाकाबंदी की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने वाहन मालिकों और परिवहनकर्ताओं को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में खनिज संसाधनों के संरक्षण और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
