होली पूर्व रंग उत्सव: कोण्डागांव स्विमिंग पूल में उड़ा रंग-गुलाल
कोण्डागांव। होली पर्व के पूर्व नगर के स्विमिंग पूल परिसर में रंग उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए और रंग-गुलाल के साथ होली के गीतों पर जमकर थिरकते नजर आए। छत्तीसगढ़ी गीतों की धुन पर युवा, महिलाएं और बच्चे उत्साहपूर्वक नाचते-गाते दिखे, जिससे पूरा परिसर रंगमय और उत्सवी माहौल में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने नगरवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है, इसे मर्यादा और अनुशासन के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उसेंडी ने जानकारी दी कि स्विमिंग पूल को पांच वर्षों के लिए रेंट पर दिया गया है, जिसके तहत पिछले तीन वर्षों से यहां रंग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया। रंग उत्सव ने नगर में होली के उत्साह को और भी बढ़ा दिया है।



