गरियाबंद/राजिम (गंगा प्रकाश)। गरियाबंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.775 किलोग्राम गांजा के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 14 लाख 12 हजार 250 रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना राजिम प्रभारी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक OD-26-F-3603 में भारी मात्रा में अवैध गांजा भरकर कौंदकेरा की ओर से राजिम की तरफ लाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया।
नियुक्ति की फाइलों पर पड़ा गोपनीयता का पर्दा: RTI में नहीं मिली जानकारी, अपील भी खारिज, अब उठ रहे बड़े सवाल
जोरा तालाब के पास पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया 13.775 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की गई।

पुलिस ने मामले में धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र निवासी कमलेश यादव (31 वर्ष), दीपक राव (25 वर्ष) तथा ओडिशा के नुआपाड़ा निवासी बेंजामिन सिंह (37 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी मामले में अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 लाख 77 हजार 250 रुपये मूल्य का गांजा, 7 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार तथा 35 हजार रुपये कीमत के पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस प्रकार कुल 14 लाख 12 हजार 250 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
अमलोर में चला वन विभाग का बुलडोजर, 9.377 हेक्टेयर जंगल की जमीन कब्जाधारियों से छुड़ाई
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गरियाबंद पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




