छुरा (गंगा प्रकाश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मंडल छुरा द्वारा बुधवार को शिव मंदिर प्रांगण एवं महानदी एनीकट तट पर भव्य महाआरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण की भावना से ओतप्रोत इस आयोजन में छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव की पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद एनीकट तट पर सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में भव्य महाआरती संपन्न हुई। दीपों की जगमगाहट और मंत्रोच्चार के बीच राष्ट्र की उन्नति, समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की गई। आयोजन स्थल पर धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि संदीप शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के विकास और परिवर्तन का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारतीय राजनीति में एक ऐसे नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित हुए हैं, जिन्होंने देश को नई दिशा और नई पहचान देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हो चुके हैं और यह उपलब्धि उनके प्रति जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।
छुरा-रसेला-गरियाबंद मार्ग पर गड्ढों का राज; 60 साल से सुन रहे आश्वासन, सड़क आज भी बदहाल
संदीप शर्मा ने कहा कि भारत जैसे विशाल और विविधताओं से भरे देश का नेतृत्व करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है। पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय देश की आबादी लगभग 37 करोड़ थी, जबकि आज भारत की जनसंख्या 137 करोड़ से अधिक है। इतनी बड़ी आबादी वाले देश में विकास की गति बनाए रखना, गरीबों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू करना और वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा को बढ़ाना किसी भी नेतृत्व के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भर भारत, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण तथा वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। आज देश का गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नई पहचान दिलाई है। ‘‘विकास भी, विरासत भी’’ का संकल्प आज भारत की नई पहचान बन चुका है। विश्व के विभिन्न देशों में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रभाव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सफलता को दर्शाता है।
7 लाख के टैंकर सालभर भी नहीं टिके: चादर उखड़ी, बॉडी फटी, अब कबाड़ बनने की कगार पर; जेम पोर्टल की खरीदी पर उठे सवाल
संदीप शर्मा ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जिस प्रकार का स्नेह और विश्वास व्यक्त कर रही है, वह उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अनेक लोग उन्हें राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व मानते हैं और उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता राजेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम आज विश्व पटल पर सम्मान और विश्वास के साथ लिया जाता है। उनके नेतृत्व में भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनहित, सुशासन और विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा आने वाले वर्षों में भी जनता के कल्याण के लिए अनेक नई योजनाएं और विकास कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के सफल नेतृत्व की सराहना करते हुए देश के उज्ज्वल भविष्य, सतत विकास और सुशासन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। साथ ही राष्ट्र की उन्नति, समृद्धि और नागरिकों के सुखद भविष्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा मंडल छुरा अध्यक्ष खोमन चंद्राकर ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह महाआरती राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनकल्याण की भावना का प्रतीक है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति लेखराज धुर्वा, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लोकेश्वरी निषाद, संगीता दीक्षित, रामलाल कुलदीप, अशोक ठाकुर, भोले शंकर जायसवाल, बलराज पटेल, थान सिंह निषाद, अजय दीक्षित, रूपनाथ बंजारे, हेमंत कंसारी, रमेश सिंह, लोकेश चंद्राकर, शंकर सेन, तुलाराम साहू, आसकरण टंडन, निखिल साहू, धर्मेंद्र चंद्राकर, रामजी यादव, चंद्रहास सोनी, केसरी ध्रुव, रजनी लहरे, गरिमा ध्रुव, लीना दुबे, सुनीता चंद्राकर, कंचन सिन्हा, संतोषी साहू, प्रिया साहू सहित भाजपा मंडल छुरा के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, मातृशक्ति, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। महाआरती और राष्ट्र कल्याण की सामूहिक प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





