छुरा मंडी प्रांगण में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा संगीतमय कराओके गायन कार्यक्रम
छुरा (गंगा प्रकाश)। नगर के संगीत प्रेमियों के लिए 26 जुलाई का दिन खास होने जा रहा है। छुरा की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था म्यूजिक ग्रुप द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि के अवसर पर संगीतमय कराओके गायन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस बार कार्यक्रम को नए स्वरूप में प्रस्तुत करते हुए इसका नाम म्यूजिक ग्रुप कारवां रखा गया है।

खैरगुड़ा में महिलाओं ने संभाली धान रोपाई की कमान, लोकगीतों से गूंजा पूरा खेत
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम रविवार, 26 जुलाई को मंडी प्रांगण, छुरा में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम में छुरा सहित गरियाबंद, फिंगेश्वर, राजिम, नवापारा और अभनपुर के संगीत साधक एवं ग्रुप से जुड़े सदस्य अपनी-अपनी गायन प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। पूरे दिन चलने वाले इस संगीतमय आयोजन में हिंदी फिल्म संगीत के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
वन विभाग की उदासीनता से असुरक्षित हुए वन और वनभूमि, वृक्षारोपण क्षेत्रों तक पर अतिक्रमण का आरोप
आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्षों में यह कार्यक्रम याद-ए-रफी के नाम से आयोजित होता रहा है, लेकिन इस बार कार्यक्रम की अवधारणा को और व्यापक बनाते हुए इसे “म्यूजिक ग्रुप कारवां” नाम दिया गया है, ताकि विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार एक साझा मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और संगीत के माध्यम से आपसी जुड़ाव को मजबूत किया जा सके।

ग्रुप के सदस्यों ने क्षेत्र के सभी संगीत प्रेमियों, कलाकारों और नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें तथा सुरों से सजे इस सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लें। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि संगीत के प्रति समर्पण और महान गायक मोहम्मद रफी को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर भी है।




