गरियाबंद/देवभोग (गंगा प्रकाश)। गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देवभोग क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आयशर वाहन से 400 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में महाराष्ट्र और ओडिशा से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त की रात देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम खुटगांव स्थित एनएच-130सी चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से नारंगी रंग का आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 पहुंचा। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच की तो ऊपर काले तिरपाल से ढके हिस्से में संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। तलाशी लेने पर पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।
गरियाबंद में साइबर जागृति अभियान का दूसरा सप्ताह शुरू, वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा पर जोर
वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे बताया। दोनों से पूछताछ के दौरान पता चला कि उनके आगे एक ग्लैमर मोटरसाइकिल चल रही है, जिस पर सवार लोग तस्करों को रास्ता बता रहे थे। पुलिस ने पीछा कर मोटरसाइकिल क्रमांक OD 08 W 5814 को रोककर उसमें सवार पंकज अनंता मोहिते और जलंधर खम्हारी को भी पकड़ लिया।

तस्करी के नेटवर्क तक पहुंची पुलिस
पूछताछ और जांच के बाद पुलिस को गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाए जाने की जानकारी मिली। आरोपियों ने गांजा ग्राम डेंगागुड़ा, थाना आमपानी निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त करना बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे की कड़ी जोड़ते हुए विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 55.470 किलो गांजा जब्त
पुलिस के मुताबिक विनोद के कब्जे से गांजा के खरीद-फरोख्त में इस्तेमाल किए जा रहे 5 लाख रुपये बरामद किए गए। वहीं मौके से पहले गिरफ्तार चार आरोपियों के कब्जे से 1.50 लाख रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए।

वाहन समेत लाखों की सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 400 किलो गांजा, करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ, 20 लाख रुपये अनुमानित कीमत का आयशर वाहन, 50 हजार रुपये कीमत की ग्लैमर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और कुल 6.50 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।





